
इस्लामाबाद। पाकिस्तान (Pakistan) के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर (Army Chief Field Marshal Asim Munir) देश का राजनीतिक और प्रशासनिक नक्शा बदलने की तैयारी में हैं। इसके तहत मौजूदा चार प्रांतों को बांटकर 12 से 15 छोटे प्रांत बनाने का प्रस्ताव चर्चा में है। इसे प्रशासन सुधारने और सरकारी सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने की योजना बताया जा रहा है, लेकिन इसके पीछे सेना की ताकत बढ़ाने की कोशिश होने के आरोप भी लग रहे हैं। आशंका है कि इस कदम से विपक्षी दलों को कमजोर किया जा सकता है। हालांकि, मुनीर की ओर से अभी तक इस योजना का कोई आधिकारिक खाका जारी नहीं किया गया है। पाकिस्तान के पंजाब (Punjab), सिंध (Sindh), खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) और बलूचिस्तान (Balochistan) की अपनी राजनीतिक पहचान और मजबूत क्षेत्रीय आधार हैं। ऐसे में इनका बंटवारा देश की राजनीति का पूरा समीकरण बदल सकता है।
पाकिस्तान के सबसे बड़े प्रांत पंजाब में करीब 12.8 करोड़ लोग रहते हैं। यहां नवाज शरीफ के परिवार की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) का प्रभाव है। सिंध में भुट्टो-जरदारी परिवार की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) मजबूत है। कराची भी इसी प्रांत में है, जो देश का प्रमुख कारोबारी केंद्र है। खैबर पख्तूनख्वा में इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) का मजबूत आधार है, जबकि बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा और राजनीतिक असंतोष से जूझ रहा है। इन प्रांतों को छोटे हिस्सों में बांटने से मौजूदा राजनीतिक दलों की ताकत कम हो सकती है। नए प्रांतों में अलग-अलग सरकारें बनने से केंद्र का प्रभाव बढ़ने की आशंका है।
15 प्रांत बनाने के विकल्प पर चर्चा
पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने जुलाई में मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था को कमजोर बताते हुए नए प्रशासनिक क्षेत्रों की जरूरत बताई थी। सितंबर में योजना मंत्री अहसान इकबाल ने 15 प्रांत बनाने या जिला स्तर पर शासन मजबूत करने के विकल्पों पर चर्चा की थी। इस प्रस्ताव का विरोध भी शुरू हो गया है। 3 सितंबर को सिंध विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रांत के बंटवारे या उसके किसी हिस्से को अलग करने के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया था। विधानसभा ने संविधान के अनुच्छेद 239(4) का हवाला दिया, जिसके मुताबिक किसी प्रांत की सीमा बदलने के लिए संबंधित विधानसभा के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों की मंजूरी जरूरी है। यानी केंद्र सरकार केवल आदेश जारी करके प्रांतों का बंटवारा नहीं कर सकती।
पंजाब के विभाजन से शरीफ परिवार और सिंध के बंटवारे से पीपीपी का राजनीतिक आधार कमजोर हो सकता है। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा में PTI का प्रभाव कम करने की कोशिश के तौर पर भी इस प्रस्ताव को देखा जा रहा है। बलूचिस्तान में स्थिति और संवेदनशील है। यहां लंबे समय से राजनीतिक अधिकारों, प्राकृतिक संसाधनों और केंद्र सरकार के साथ संबंधों को लेकर नाराजगी है। चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे और ग्वादर बंदरगाह के कारण इस प्रांत का रणनीतिक महत्व भी काफी ज्यादा है।
पाकिस्तान पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
प्रांतों के बंटवारे से पाकिस्तान पर आर्थिक बोझ भी बढ़ सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, केवल पंजाब को तीन प्रांतों में बांटने पर हर साल 4690 करोड़ से 5620 करोड़ पाकिस्तानी रुपये खर्च हो सकते हैं। वहीं, 30 प्रांत बनाने पर सालाना खर्च 6.09 लाख करोड़ से 7.30 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। नए प्रांतों के लिए विधानसभाएं, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और सरकारी विभाग बनाने होंगे। टैक्स और पानी के बंटवारे को लेकर भी विवाद हो सकते हैं।
रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने 17 नवंबर को कहा था कि नए प्रांत 2027 की शुरुआत में बन सकते हैं, हालांकि उन्होंने कोई पक्की समयसीमा नहीं बताई। मुनीर की इस पहल को उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उनके राष्ट्रपति बनने या सत्ता के लिए प्रांतों का बंटवारा कराने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पाकिस्तान में 1971 में पूर्वी पाकिस्तान के अलग होकर बांग्लादेश बनने की घटना भी याद की जा रही है। उस समय राजनीतिक अधिकारों और लोकतांत्रिक जनादेश की अनदेखी ने संकट को बढ़ाया था। ऐसे में क्षेत्रीय पहचान और जनता की सहमति को नजरअंदाज करना पाकिस्तान के लिए नई मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved