बड़ी खबर

केजरीवाल सरकार ने कहा- ऑक्सीजन का है चंद घंटों का स्टॉक, केंद्र ने दिया ये जवाब

नई दिल्‍ली। दिल्ली में कोरोना मरीजों के लिए जरूरी ऑक्सीजन पर भी सियासी खींचतान शुरू हो गई है। दिल्ली सरकार का कहना है कि ज्यादातर अस्पतालों में ऑक्सीजन का स्टॉक खत्म होने को है, जो बुधवार सुबह तक ही चलेगा। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्रालय का कहना है कि अस्पतालों में समय पर ऑक्सीजन पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। कोई किल्लत नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्र से तत्काल ऑक्सीजन मुहैया कराने की अपील की। उन्होंने कहा, मेरी हाथ जोड़कर विनती है कि इसमें देर नहीं की जाए।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि अगर बुधवार सुबह तक सप्लाई सुचारू नहीं हुई तो हालात भयावह हो सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रात दस बजे ट्वीट किया कि राजधानी के जीटीबी अस्पताल में महज चार घंटे की ऑक्सीजन बची है। यहां लगभग 500 कोरोना मरीज भर्ती हैं। इसी तरह सर गंगाराम अस्पताल में भी ऑक्सीजन का स्टाक करीब-करीब खत्म होने को है।

दोनों ही अस्पतालों के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने ऑक्सीजन देने की गति को कुछ धीमा किया है, ताकि यह ज्यादा समय तक चल सके। दिल्ली सरकार के कोरोना एप के अनुसार, राजधानी के अस्पतालों में आईसीयू बेड तेजी से भरते जा रहे हैं। रात दस बजे केवल 30 बेड ही उपलब्ध थे।


वहीं, सिसोदिया ने शाम छह बजे एक नोट भी ट्विटर पर डाला, जिसके मुताबिक एलएनजेपी, दीनदयाल उपाध्याय, बुराड़ी, आंबेडकर, संजय गांधी, बीएल कपूर, मैक्स (पटपड़गंज) अस्पताल में 8 से 12 घंटे तक ही ऑक्सीजन मरीजों को दी जा सकेगी। गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डीएस राणा ने कहा कि हमारे पास रात एक बजे तक का ही स्टॉक है। यहां कोविड के 485 बेड हैं, जिनमें से 475 पर मरीज हैं। 120 मरीज आईसीयू में हैं। केजरीवाल ने इमरजेंसी के हालात पर रविवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से दखल देने को भी कहा था।

नहीं होगी किल्लत, समय पर मिलेगी ऑक्सीजन
केंद्रीय गृह मंत्रालय का कहना है कि अस्पतालों में किल्लत नहीं होगी। दिल्ली के अस्पतालों में समय पर ऑक्सीजन पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 16 ट्रकों के जरिये ऑक्सीजन मिलेगी। हर ट्रक में 20 हजार किलो के आसपास ऑक्सीजन होगी। वहीं देर शाम बालाजी कैंसर एक्शन अस्पताल को दो ट्रक ऑक्सीजन प्राप्त हुई है। अस्पताल में 20 हजार किलो ऑक्सीजन उपलब्ध हो चुकी है।

गाजियाबाद पुलिस ने कहा, कोई टैंकर नहीं रोका गया
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने देर रात ट्वीट में कहा कि गाजियाबाद के मोदीनगर में स्थित मैसर्स आइनॉक्स से जीटीबी को होने वाली ऑक्सीजन सप्लाई को जिले के डीएम और एसएसपी के आदेश पर रोक दिया गया है। इस पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्लांट की ऑक्सीजन सप्लाई को नहीं रोका गया है। जिला प्रशासन ने कहा कि इस तरह का कोई आदेश नहीं दिया गया है।

यूपी सरकार ने ऑक्सीजन प्लांट पर निगरानी बढ़ाई 
उत्तर प्रदेश प्रशासन ने ग्रेटर नोएडा ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र पर अधिकारियों को तैनात रखने के आदेश जारी किए हैं ताकि सिलिंडरों की सप्लाई पर नजर रख सकें। जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने यह आदेश  जारी कर इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड संयंत्र पर दो वरिष्ठ अधिकारियों की 24 घंटे तैनाती का आदेश जारी किया है।

Share:

Next Post

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना संक्रमित

Wed Apr 21 , 2021
  रांची। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। रांची के पल्स सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में धोनी के माता-पिता का इलाज चल रहा है। अस्पताल ने एक बयान में कहा, “क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी के माता-पिता का कोविड-19 टेस्ट सकारात्मक आने के बाद उन्हें यहां भर्ती कराया गया […]