
कोच्चि. केरलम (Keralam) के मलप्पुरम जिले के वंडूर (Wandoor) इलाके में कांग्रेस सांसद (Congress MP) शशि थरूर (Shashi Tharoor) के साथ बदसलूकी का एक गंभीर मामला सामने आया है. यूडीएफ (UDF) उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के पक्ष में चुनाव प्रचार करने जा रहे शशि थरूर के वाहन को अज्ञात हमलावरों ने न केवल रोका, बल्कि उनके सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है.
थरूर की टीम के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब वे दो वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे. शशि थरूर पहले वाहन में सवार थे. अचानक दो कार में सवार होकर आए करीब 8 लोगों ने बीच सड़क पर थरूर की गाड़ी को जबरन रुकवा लिया. चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी को आगे बढ़ने से रोका और कार के शीशों को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया.
जब स्थिति बिगड़ती देख शशि थरूर के गनमैन ने बीच-बचाव करने और रास्ता साफ कराने की कोशिश की, तो उपद्रवियों ने उस पर भी हमला कर दिया. गनमैन के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई, जिससे मौके पर काफी तनाव फैल गया. घटना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई.
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लिया है. अब यह जांच का विषय है कि क्या यह हमला पूर्व नियोजित था या किसी सड़क विवाद का नतीजा है.
आपको बता दें कि केरलम विधानसभा के 140 सदस्यों के चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाने हैं. वोटों की गिनती और परिणाम 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे. राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला एलडीएफ (CPIM के नेतृत्व वाले वाम मोर्चा), यूडीएफ (कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) और भाजपा ने नेतृत्व वाले एनडीए के बीच में है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved