
कोलकाता। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में जूनियर डॉक्टर की हत्या का विरोध थम नहीं रहा है। न्याय की मांग को लेकर लोग लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। रविवार को एक बार फिर हजारों लोग रिक्लेम द नाइट प्रदर्शन में भाग लेकर डॉक्टर की हत्या का विरोध करेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता ने बताया कि संगीतकार, कलाकार, चित्रकार और अभिनेताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों के जाने-माने लोग सरकार को जगाने के लिए रविवार रात 11 बजे ‘रिक्लेम द नाइट’ प्रदर्शन में शामिल होंगे। इस दौरान लोग विभिन्न चौराहों, तिराहों और गोल चक्करों पर एकत्र होंगे।
बताया गया कि दक्षिण कोलकाता में एससी मल्लिक रोड पर गोल पार्क से गरिया तक कई सभाएं होंगी, वहीं उत्तर में बीटी रोड पर सोदपुर से श्यामबाजार तक मार्च निकाला जाएगा। कोलकाता के अलावा, बैरकपुर, बारासात, बजबज, बेलघरिया, अगरपारा, दमदम और बागुईआटी में भी प्रदर्शन की योजना बनाई गई है। इससे पहले दोपहर में 44 स्कूलों के पूर्व छात्र गरियाहाट से दक्षिण कोलकाता के रासबिहारी एवेन्यू तक विरोध मार्च निकालेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved