
इंदौर। शहर के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। कल रात से आज सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के नीचे आ गया। यह इस वर्षों के साथ ही पिछले दो सालों में फरवरी में दर्ज सबसे कम तापमान था। यानी कल रात पिछले दो सालों का ठंड का रिकॉर्ड टूट गया। खास बात यह भी है कि पिछले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री से ज्यादा की कमी आई है।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.1 डिग्री कम था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की अपेक्षा 2.3 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं के अधिकतम रफ्तार 22 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। इस साल पहली बार फरवरी में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के नीचे आया है, वहीं पिछले 2 सालों में एक बार भी न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के नीचे नहीं आया है।
उत्तरी हवाओं संग लौटी ठंड
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस समय उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके कारण उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है, वहीं इस समय इंदौर की ओर आ रही हवाओं का रुख भी उत्तरी है। इसके कारण उत्तर से आ रही हवाएं अपने साथ ठंडक लेकर आ रही है, जिससे तापमान में कमी देखने को मिल रही है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने के कारण धूप से ठंड का एहसास नहीं हो रहा, लेकिन सूरज ढलते ही सर्द हवाएं ठिठुरन पैदा कर रही हैं।
7 दिनों में 6 डिग्री से ज्यादा गिरा पारा
मौसम विभाग के अनुसार पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार कमी आ रही है। 7 दिन पहले 30 जनवरी को ही न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं आज 6 फरवरी को यह 10.9 रहा। यानी 7 दिनों में तापमान में 6.2 डिग्री की गिरावट आई है। हालांकि दिन के तापमान की बात करें तो इसमें पिछले दिनों की अपेक्षा बढ़त आई है।
पिछले 10 सालों में न्यूनतम तापमान
वर्ष न्यून.ताप तारीख
2016 10 4, 13
2017 9 1
2018 11.4 9
2019 7.4 8
2020 10.2 9
2021 9.5 1
2022 8.7 4
2023 8.6 2
2024 12 25
2025 12 7
2026 10.9 6
(जानकारी मौसम विभाग
के अनुसार)

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved