
नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कहा कि लता मंगेशकर ने अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से (With her divine singing talent Lata Mangeshkar) विश्व में देश का नाम रोशन किया (Brought glory to the Country Globally) ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न से अलंकृत ‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर की जयंती (28 सितंबर) पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा : “अपनी दिव्य गायन प्रतिभा से विश्व में देश का नाम रोशन करने वालीं आदरणीया लता दीदी को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने भारतवर्ष को न केवल अपने सुमधुर सुरों से सजाया-संवारा, बल्कि देश की समृद्धि से जुड़ी हर पहल को भी सदैव प्रोत्साहित किया। भारतीय संगीत जगत में उनका अप्रतिम योगदान युग-युगांतर तक स्मरणीय रहेगा।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लता मंगेशकर की स्वर साधना को याद करते हुए कहा कि उनकी आवाज़ में भारतीय संगीत की मिठास, शास्त्रीयता, भाव और आत्मा का अद्भुत संगम था। उन्होंने अनेक भारतीय भाषाओं में हज़ारों गीतों को स्वर देकर भारतीय सिनेमा संगीत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनकी जयंती पर उन्हें याद करना भारतीय संगीत की महान परंपरा को नमन करना है, वहीं केंद्रीय कानून राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय आवासन व शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने संयुक्त रूप से कहा कि लता जी ने अपनी दिव्य संगीत साधना से न केवल फिल्म जगत को समृद्ध किया, बल्कि उनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली आवाज़ देशवासियों की स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय संगीत की विरासत को समृद्ध बनाने में लता जी का अमूल्य योगदान सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज बना रहेगा। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन्हें ‘मां सरस्वती की अनन्य साधिका’ बताते हुए नमन किया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लता मंगेशकर की सुरीली आवाज़ और सदाबहार गीत आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में धड़कते हैं। संगीत जगत में उनका योगदान अविस्मरणीय और अमर है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायबसिंह सैनी ने कहा कि लता जी का स्वर भारतीय संगीत की अमूल्य धरोहर है, जिसकी गूंज देश की सीमाओं को पार कर आने वाली कई पीढ़ियों तक सुनाई देती रहेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लता दीदी की गायकी के भावुक पहलू को रेखांकित करते हुए कहा कि लता जी ने एक ऐसा संसार रचा जिसमें भारत अपनी भावनाओं को सुनता है; कभी उनकी आवाज़ प्रार्थना बनी, कभी प्रेम का प्रतीक और कभी राष्ट्रभक्ति के स्वर बनकर पूरे देश की आंखें नम कर गई। बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने लता जी को सादगी, सौम्यता और मधुर स्वर की अद्वितीय प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनकी साधना की मधुर स्मृतियां संगीत प्रेमियों के हृदय में हमेशा सुरक्षित रहेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved