
इंदौर। अमेरिका-इजरायल और ईरान के मध्य चल रहे युद्ध के बीच ईरान द्वारा यूएई में भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। इसी बात का हवाला देते हुए यूएई के एयरपोट्र्स से ज्यादातर नियमित उड़ानों का संचालन बंद है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि इस बीच रोजाना इन्हीं एयरपोट्र्स से चार्टर फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं, जो यात्रियों से 4 से 5 गुना तक किराया ले रही है। ये उड़ानें उन्हीं मार्गो पर चल रही हैं, जिन पर नियमित उड़ानें बंद हैं।
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया ने बताया कि आज लगातार सातवें दिन भी शारजाह की उड़ान निरस्त है। इसके कारण के इंदौर आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने बताया कि शारजाह से नियमित उड़ानों का संचालन शुरू हो चुका है। कल रात भी शारजाह से कोच्चि के लिए एक फ्लाइट संचालित हुई है, लेकिन पता नहीं क्यों इंदौर फ्लाइट को अब तक शुरू नहीं किया गया है, साथ ही उन्होंने बताया कि कई बड़ी ट्रैवल कंपनियों द्वारा, दुबई, शारजाह, अबू धाबी और फुजैरा से भारत के लिए चार्टर फ्लाइट्स का संचालन कर रही है। इसमें 80 से 85 हजार में टिकट बुक किया जा सकते हैं।
आज एक और कल दो चार्टर फ्लाइट आएंगी भारत
कटारिया ने बताया कि अलहिंद एयरलाइन द्वारा स्पाइसजेट का विमान बुक करके आज फुजैरा से दिल्ली और कल फुजैरा से मुंबई के लिए विशेष चार्टर फ्लाइट का संचालन किया जाएगा। इसी तरह सतगुरु ट्रेवल्स द्वारा कल एयर इंडिया का विमान बुक करके रसअलखेमा से मुंबई के लिए फ्लाइट ऑपरेट की जाएगी। इन उड़ानों में ट्रेवल एजेंट के लिए बुकिंग खुली है और एक टिकट की कीमत 80 हजार से ज्यादा है।
क्या ये मजबूरी में कमाई का दौर है
प्रमुख एयरलाइंस द्वारा नियमित उड़ानों को बंद करने के बीच चार्टर उड़ानों के संचालन से यह सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या यह आपातकाल में फंसे लोगों की मजबूरी में उनसे अवैध वसूली का समय है। सरकार की बिना जानकारी के चार्टर उड़ानों का संचालन भी संभव नहीं है। ऐसे में सरकार द्वारा भी आंखें बंद कर इन ट्रेवल कंपनियों को लूट की छूट दी गई है, जबकि इस समय सरकार को विशेष उड़ानें संचालित करते हुए वहां फंसे भारतीयों को निकालना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved