
उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर में 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर दूल्हा बने भगवान महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को सुबह साढ़े 4 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए कल 17 फरवरी की रात ढाई बजे से मंदिर के पट खोल दिए जाएँगे और यह 19 फरवरी की रात तक सतत खुले रहेंगे। महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां करीब-करीब पूरी हो चुकी है। इस बार करीब 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान लगाकर तैयारियां की गई है। गत वर्ष से करीब 3 गुना श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस बार महाशिवरात्रि पर भगवान के दर्शनों का सिलसिला एक घंटे पहले शुरू करने का निर्णय हुआ है। मंदिर समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक महाशिवरात्रि हेतु कल 17 फरवरी की रात ढाई बजे से मंदिर के पट खोल दिए जाएँगे। रात में महानिशाकाल का पूजन होगा। इसके बाद भस्मारती होगी और फिर अलसुबह साढ़े 4 बजे से भक्तों का मंदिर में प्रवेश कर दिया जाएगा। कुल मिलाकर महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर के पट 17 फरवरी की रात ढाई बजे से लेकर 19 फरवरी की रात 11 बजे तक सतत 44 घंटे खुले रहेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved