
नई दिल्ली: इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का PNG कनेक्शन लेने पर 500 रुपये की छूट मिलेगी. लोगों को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से यह स्कीम शुरू की गई है. मेजर सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) कंपनियों ने लोगों से PNG कनेक्शन लेने का अनुरोध किया है. महानगर गैस लिमिटेड, गेल और भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियों ने भी इसी तरह की पहल शुरू की हैं.
पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है, ‘LPG की सप्लाई अभी भी एक चुनौती बनी हुई है, हालांकि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. LPG को लेकर हम कठिन स्थिति का सामना कर रहे है. किसी भी डिस्ट्रीब्यूटर ने LPG खत्म होने की सूचना नहीं दी है. कमर्शियल LPG सिलेंडरों के सुचारु वितरण को सुनिश्चित करने की कोशिश जारी है. सरकार ने 14 तारीख को ऑर्डर जारी किया है कि जिसके पास png कनेक्शन है वो LPG सिलेंडर सरेंडर करे.’
पेट्रोलियम मंत्रालय से जुड़ी सुजाता शर्मा ने कहा, कमर्शियल LPG सिलेंडरों के वितरण को प्राथमिकता देने का निर्णय राज्य सरकारों पर छोड़ दिया गया है. LPG कंट्रोल ऑर्डर के लागू होने के बाद घरेलू LPG प्रोडेक्शन में 36% का इजाफा हुआ है. साथ ही मंत्रालय ने कंजूमर्स पैनिक बुकिंग ना करने के लिए कहा है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने जमाखोरी के खिलाफ विशेष अभियान भी शुरू किया है.
ब्लैक मार्केटिंग/जमाखोरी के खिलाफ एक्शन
LPG डिस्ट्रीब्यूटरशिप और रिटेल आउटलेट्स पर अचानक जांच की जा रही है.
15 मार्च 2026 को 1100 से अधिक आउटलेट्स पर आकस्मिक निरीक्षण किया गया.
LPG की स्थिति की समीक्षा के लिए राज्यों में उच्च स्तरीय बैठकें हुईं.
ज्यादातर राज्यों ने कंट्रोल रूम बनाए, प्रेस ब्रीफिंग भी की जा रही है.
गड़बड़ी रोकने के लिए डिलिवरी कोड के जरिए LPG डिलीवरी को बढ़ावा दिया जा रहा है.
फारस की खाड़ी से रवाना हुआ ‘शिवालिक’
पेट्रोलियम मंत्रालय ने साथ ही बताया कि LPG कैरियर जहाज ‘शिवालिक’ होर्मुज स्ट्रेट पार कर भारत की ओर बढ़ चुका है. इसके आज शाम तक भारत पहुंचने की संभावना है. इसके अलावा भारतीय ध्वज वाला जहाज ‘जग लाडकी’ भी सुरक्षित रूप से भारत की ओर आ रहा है. यह करीब 81,000 टन कच्चा तेल लेकर 14 मार्च को यूएई से रवाना हुआ था. इसके मंगलवार को मुंद्रा पोर्ट पहुंचने की उम्मीद है.
साथ ही बताया कि फारस की खाड़ी में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. पिछले 24 घंटों में किसी भी तरह की घटना की सूचना नहीं मिली है और हम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. हम हर जहाज और उसके क्रू के संपर्क में हैं. 22 भारतीय ध्वज वाले जहाज अभी भी होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिम में फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं. इन जहाजों पर 611 भारतीय नाविक तैनात हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved