
सक्ती: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. पावर प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से अफरा-तफरी मच गई. इस दर्दनाक हादसे में करीब 30 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से इलाज के दौरान 9 मजदूरों की मौत हो गई. वहीं अन्य घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है.
सक्ती जिले के SP प्रफुल ठाकुर की ओर से 9 मजदूरों की मौत की पुष्टि की गई. घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है. स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं. फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है.
दूर तक सुनाई दी बॉयलर फटने की आवाज
दरअसल, हादसा इतना भीषण था कि धमाके की आवाज दूर-तक सुनाई दी. बॉयलर फटने के बाद प्लांट परिसर में चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. सूत्रों ने बताया कि उस वक्त कई मजदूर वहां ड्यूटी पर तैनात थे. घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस के जरिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 20 मजदूरों की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. वहीं अब तक 9 मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है.
घटनास्थल के लिए रवाना हुए आला अधिकारी
वहीं घटना की सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी सिंघीतराई के लिए रवाना हो गए. सूत्रों के अनुसार, प्लांट के अंदर राहत और बचाव कार्य जारी है. मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
CM विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख जताया
अभी तक हादसे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों में अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पावर प्लांट में बॉयलर फटने की घटना की दुख जताया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह घटना दुखद है. मृतकों के प्रति गहरी संवेदना है. इस घटना की जांच होगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved