
कोलकाता। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान असम की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरमा देश के सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं और उनसे ज्यादा अहंकारी और घमंडी कोई दूसरा मुख्यमंत्री नहीं है।
खरगे ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल अपने परिवार के विकास के लिए काम कर रहे हैं और चाय, कोयला व जमीन से जुड़े सिंडिकेट चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से मांग की कि हिमंत सरमा की पत्नी के कथित विदेशी संपत्तियों और तीन देशों के पासपोर्ट रखने के आरोपों की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि इन गंभीर आरोपों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
चुनावी दावों को लेकर खड़गे ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में 72-73 सीटें जीतकर सरकार बनाएगा।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि उन्हें गांधी परिवार पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि इस परिवार के सदस्यों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। असम में चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं, जिससे सियासी तापमान लगातार बढ़ रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved