देश

चुनाव से पहले ममता ने दी राहत, पेट्रोल-डीजल हुआ सस्ता

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में पेट्रोल व डीजल के दाम में एक-एक रुपये की कटौती की है। यह रविवार आधी रात से लागू हो जाएगी। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व तृणमूल सरकार ने प्रदेशवासियों को यह मामूली ही सही पर राहत दी है।


पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा ने रविवार को यह घोषणा की। उल्लेखनीय है कि देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे पूर्व मेघालय सरकार ने पेट्रोल व डीजल के दाम में सात रुपये की छूट दी है। देश के कई राज्यों में तेल के दाम 100 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच गए हैं।

देश में महंगे तेल को लेकर पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले दिनों खेद जताया था। उन्होंने कहा था कि तेल संपन्न देश तेल के उपभोग कर्ता देशों के हितों को नहीं देख रहे हैं। इससे पहले प्रधान ने राज्यभा में तेल कीमतें कम नहीं कर पाने को लेकर लाचारी जताई थी।

महंगे ईंधन का मामला राज्यसभा में भी उठा था। सपा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद ने पूछा कि, ‘सीता माता के देश नेपाल और रावण के देश श्रीलंका में पेट्रोल-डीजल सस्ता है, तो राम के देश में सरकार दाम कब कम करेगी?’ इस पर प्रधान ने कहा था कि, ‘देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक अंतरराष्ट्रीय मूल्य प्रणाली के तहत नियंत्रित होती हैं। पिछले 300 दिनों में करीब 60 दिन तेल की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है। इन देशों से भारत की तुलना करना सही नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत और इन देशों में केरोसीन की कीमत में काफी अंतर है। बांग्लादेश और नेपाल में केरोसीन क्रमश: 57 से 59 रुपये प्रति लीटर है, लेकिन भारत में केरोसीन 32 रुपये प्रति लीटर है।

Share:

Next Post

भारत ने मालदीव के साथ किए रक्षा ऋण सुविधा समझौते पर हस्ताक्षर

Sun Feb 21 , 2021
माले। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रविवार को कहा कि भारत हमेशा मालदीव का एक भरोसेमंद सुरक्षा साझेदार रहेगा। भारत ने मालदीव के साथ पांच करोड़ डॉलर के रक्षा ऋण समझौते पर भी हस्ताक्षर किये हैं जिससे इस द्वीपीय राष्ट्र में नौवहन क्षेत्र में क्षमता निर्माण सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। दो दिवसीय दौरे पर यहां […]