
भोपाल। अभी तक मप्र की शिवराज सरकार की योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए आकर्षण और प्रेरणा का स्रोत बनी हुइ थीं। अब यहां का सुशासन कई राज्य अपनाएंगे। शिवराज सरकार के सुशासन मॉडल को देखने के लिए भाजपा ने 9 राज्यों के 33 युवा कार्यकर्ताओं को मप्र के दौरे पर भेजा है। भाजपा युवा मोर्चा के यह कार्यकर्ता इंदौर के स्वच्छता मॉडल, उज्जैन के महाकाल लोक सहित मप्र में चल रही गुड गवर्नेंस की स्कीम्स को देखकर अपने राज्य में शिवराज सरकार की योजनाओं और नवाचारों को बताएंगे। इसके साथ ही अपने राज्य की सरकार को भी मप्र में हुए इनोवेशन से हुए बदलावों के उदाहरणों के बारे में बताएंगे। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में निकाली जा रही सुशासन यात्रा रविवार को भोपाल पहुंची, जिसमें 9 राज्यों के 33 प्रतिनिधि शामिल थे। इन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्माऔर कृषि मंत्री कमल पटेल से मुलाकात की। पटेल के बंगले पर सभी कार्यकर्ताओं का पगड़ी पहना कर स्वागत किया गया। मप्र भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि सुशासन यात्रा एक अनूठी अनुभवात्मक शिक्षण यात्रा है। जिसमें अलग-अलग प्रदेशों से चयनित युवा मोर्चा पदाधिकारियों को सम्मिलित किया जाता है। इसमें मंडल, जिला, प्रदेश स्तर के युवा मोर्चा पदाधिकरी इसका हिस्सा बनते हैं। इसके माध्यम से प्रतिनिधिमंडल भाजपा सरकार के कार्यों, नीतियों एवं योजनाओं को देख और समझ रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved