
बेंगलुरु। बेंगलुरु (Bengaluru) में एक महिला (Women) ने अपने पति (Husband) पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। पुट्टेहल्ली पुलिस स्टेशन (Puttehalli Police Station) में इस सम्बंध में एक शिकायत दर्ज करवाई गई है। शिकायतकर्ता महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ उत्पीड़न, ब्लैकमेल और शोषण का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, महिला ने सगाई के लगभग दो महीने बाद दिसंबर 2024 में सैयद इनामुल हक से शादी की थी। शादी के समय 340 ग्राम सोने के गहने और एक यामाहा बाइक दी गई थी। शादी के कुछ दिनों के भीतर ही महिला को पता चला कि उसका पति पहले ही शादीशुदा है। उसने कथित तौर पर उससे कहा कि वह उसकी दूसरी पत्नी है। 19 अन्य महिलाओं के साथ उसके संबंध होने का दावा भी किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति ने चुपके से उनके बेडरूम में एक कैमरा लगाया, उनके निजी पलों को रिकॉर्ड किया और उन वीडियो को विदेश में अपने साथियों के साथ साझा किया।
पति ने कथित तौर पर उस पर भारत के बाहर रहने वाले एक दोस्त के साथ शारीरिक संबंध बनाने का भी दबाव डाला। जब उसने विरोध किया तो उसने उसके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी। महिला ने अपने पति पर सार्वजनिक स्थानों, होटलों और यहां तक कि उसके माता-पिता के घर पर भी बार-बार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एक मामले में उसने बताया कि पति ने उस पर फ्लैट खरीदने के लिए अपने सोने के गहने बेचने का दबाव डाला और मना करने पर उसके साथ मारपीट की।
शिकायत में ससुराल वालों का भी नाम है। फरवरी में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान, पति की बहन ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को अपमानित किया, जबकि उसके देवर पर उसके साथ यौन रूप से अनुचित व्यवहार करने का आरोप महिला ने लगाया है। 21 सितंबर को आरोपी ने कथित तौर पर झगड़े के दौरान शिकायतकर्ता पर हमला किया और बाद में घर से भाग गया। पति और अन्य आरोपी परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति फरार चल रहा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved