बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मध्यप्रदेश में बन रहे हैं क्रांतिकारियों के स्मारकः सीएम शिवराज

– मुख्यमंत्री ने सुभाष जयंती पर किया सुभाष नगर आरओबी का लोकार्पण और प्रभात चौराहे पर नेताजी की प्रतिमा का अनावरण

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस (Netaji Subhash Chandra Bose) भारत माता के ऐसे सच्चे सपूत थे, जिन्होंने भारत माता को परतंत्रता की बेड़ियों (shackles of subjugation to Mother India) से आजाद कराने के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। वे अद्भुत नेता थे। मध्यप्रदेश की धरती पर अनेक क्रांतिकारियों के स्मारक बनाने का कार्य किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री चौहान रविवार शाम को भोपाल में सुभाष नगर आरओबी के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज ही जबलपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस सेंट्रल जेल में सुभाष वार्ड और विकसित किए गए संग्रहालय को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। इससे नागरिकों को राष्ट्रभक्ति और देश प्रेम की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार शाम को भोपाल के सुभाष नगर फ्लाय ओवर के लोकार्पण, नेताजी सुभाषचंद्र बोस की मूर्ति के अनावरण और आजाद हिन्द फ़ौज कॉन्सेप्ट पार्क का भूमि-पूजन किया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उपस्थित होकर मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया और फ्लाय ओवर की इस बड़ी सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर इंडिया गेट पर नेताजी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है। नेताजी ने आजादी की लड़ाई में जो अप्रतिम योगदान दिया था, उसके प्रति सच्चा प्रणाम है, उनके प्रति आदरांजलि है।

अटल जी और नरेंद्र मोदी जी ने किया है सेनानियों का सच्चा सम्मान
उन्होंने कहा कि भारत माता की परतंत्रता की बेड़ियां काटने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने सब कुछ न्यौछावर कर दिया। वे अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” नीति को समझ चुके थे। उन्होंने क्रांति का शंखनाद किया। नेताजी ने कहा था “तुम मुझे खून दो में तुम्हें आजादी दूँगा।” यह दुर्भाग्य है कि स्वतंत्रता के पश्चात उनके प्रति न्यायपूर्ण ढंग से सम्मान व्यक्त नहीं किया गया। उनके अविस्मरणीय योगदान से नई पीढ़ी प्रेरणा ग्रहण करती है। आज हम नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य सेनानियों के योगदान को भूल गए हैं। हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी ने और वर्तमान प्रधानमंत्री मोदी ने सेनानियों का सम्मान किया है, साथ ही सेनानियों के प्रति न्याय भी किया है। हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों का भारत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। भोपाल को फ्लाय ओवर, मेट्रो जैसी एक नहीं, अनेक सौगातें दी जा रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार जनता के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

रहवासी संघ नरेला क्षेत्र को आदर्श बनाएँ
मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में रहवासी संघों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए नरेला को आदर्श बनाने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री ने सड़कों, पुल-पुलियों के निर्माण, दीनदयाल रसोई के संचालन, रैन बसेरों की व्यवस्था, अन्नपूर्णा योजना, राशन वितरण, स्ट्रीट वेंडर्स के कल्याण, रोजगार मेलों के आयोजन, आयुष्मान भारत योजना, सीएम राइज स्कूल और अन्य क्षेत्रों में जनता के कल्याण के प्रयासों की जानकारी देते हुए नागरिकों से आव्हान किया कि वे कोविड संक्रमण से बचने के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतें। वैक्सीन का भी लाभ लें। यह सभी के लिए आवश्यक है।

प्रदेश में निर्माणाधीन हैं 105 आरओबी
लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि भोपाल देश के खूबसूरत नगरों में एक है। नरेला क्षेत्र में ओवर ब्रिज के अभाव में लोगों का काफी समय नष्ट होता था। अब इस परेशानी से उन्हें मुक्ति मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने मध्यप्रदेश सरकार के विकास के प्रयासों की सराहना की है। स्वच्छता के क्षेत्र में भी भोपाल अब इंदौर की तरह अव्वल स्थान प्राप्त करेगा। प्रदेश में करीब सवा लाख किलोमीटर की सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों में बनाई गई थी। शहरी क्षेत्रों में भी अधोसंरचना को मजबूत बनाया जा रहा है। कठिन कोरोना काल में भी विकास के कार्य नहीं रूके। प्रदेश की जनता ने हर तरह की परस्थिति में प्रगति के प्रयासों में कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दिया है।

भार्गव ने बताया कि प्रदेश में 105 आरओबी बनाए जा रहे हैं। भारत सरकार से भी आरओबी निर्माण के लिए राशि मंजूर हुई है। एडीबी की सहायता से प्रदेश में 260 बड़े पुल बनाए जा रहे हैं। ओंकारेश्वर में लोक निर्माण विभाग आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा स्थापना और क्षेत्र के विकास के विभिन्न कार्यों में भूमिका निभा रहा है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि आज नरेला क्षेत्र आवश्यक नागरिक सुविधाओं के कारण अलग पहचान बना रहा है। फ्लाय ओवर के निर्माण से इस क्षेत्र के निवासियों को काफी सुविधा होगी। क्षेत्र में बेहतर जल प्रदाय, बाढ़ प्रबंधन के कार्य हुए हैं। साथ ही उद्यानों के विकास, थीम पार्कों के निर्माण के कार्य निरंतर हो रहे हैं। इस मौके पर विधायक कृष्णा गौर और सुमित पचौरी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में फ्लाय ओवर पर केंद्रित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

मुख्यमंत्री का अभूतपूर्व स्वागत
प्रारंभ में मुख्यमंत्री चौहान के पहुँचने पर और कार्यक्रम के बाद नवनिर्मित सुभाष आरओबी पर नागरिकों ने अभूतपूर्व स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। सुभाष नगर, पद्मनाभ नगर, गौतम नगर, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, गोविंद गार्डन और नरेला क्षेत्र के नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। नागरिकों ने प्रसन्न मुद्रा में हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मंडल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

महाराष्ट्र में आज मिले 40805 नए कोरोना संक्रमित, 44 की हुई मौत

Mon Jan 24 , 2022
मुंबई। महाराष्ट्र (Maharashtra) में रविवार को कोरोना के 40805 नए संक्रमित मरीज (40805 newly infected patients of corona) मिले हैं तथा 24 घंटे में 44 मरीजों की मौत (44 patients died) हुई है। सूबे में आज कोरोना के कुल 75,07,225 कोरोना मरीजों का इलाज जारी है। इनमें मुंबई में 16535 एक्टिव कोरोना मरीज शामिल हैं। […]