
इंदौर। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार द्वारा कल कावड़ यात्रा मार्ग की दुकानों के बाहर लगे बोर्ड पर दुकानदारों का नाम लिखने के आदेश को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा की ओर से विधायक रमेश मेंदोला ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के उस बयान पर रि-ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने इसे भेदभाव भरा कदम बताया था।
एक्स पर मेंदोला ने प्रियंका को करारा जवाब दिया और उनके ही कार्यालय के बाहर का फोटो शेयर किया। उसमें लिखा कि नाम पूछने और बताने पर भेदभाव होता है और उन्हें इस पर आपत्ति है तो उन्होंने अपना बोर्ड क्यों लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि किसी अंजान का नाम पूछने से पहचान होती है। प्रियंका गांधी ने कल एक्स पर ट्वीट कर लिखा था कि योगी सरकार का ये फैसला गलत है और इसे भेदभावपूर्ण बताया था।
इस पर मेंदोला ने यह भी कहा कि अगर कोई ग्राहक किसी दुकान से सामान खरीदता है तो उसे दुकानदार का नाम और मोबाइल नंबर जानने का हक है और यदि कोई व्यक्ति अपना नाम छिपाकर व्यापार कर रहा है तो इसका मतलब है कि चोर की दाढ़ी में तिनका। मेंदोला ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को एक पत्र लिखकर उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड सरकार की तरह ही बोर्ड पर नाम लिखकर पहचान बताने के लिए प्रदेश में भी आदेश देने की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved