
कल और परसों शहर में ओले गिरने की संभावना…
इंदौर। शहर में मौसम एक बार फिर बदल रहा है। मौसम विभाग ने कल और परसों इंदौर सहित संभाग के जिलों में ओले गिरने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आज से पांच दिनों तक तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश के भी आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ है जो भारत की ओर बढ़ रहा है। इससे उत्तर भारत से ठंडी हवाएं मध्यप्रदेश तक आ रही हैं। वहीं राजस्थान पर एक निम्न दबाव की द्रोणिका बनी हुई है, जो अरब सागर की ओर से गर्म हवाएं और नमी को खिंच रही है। इसका असर भी प्रदेश में आ रही है। इसके कारण ठंडी और गर्म हवाएं मिलने से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज गरज-चमक के साथ बिजली कडक़ड़ाने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं कल और परसों कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि, आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बौछारें गिरने सहित 18-19 को भी तेज हवाएं और बिजली कडक़ने की संभावना जताई जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved