
डेस्क: पाकिस्तान की ओर से किए गए हमलों और भारत की जवाबी कार्रवाई के बीच कर्नाटक के मंत्री बीजेड जमीर अहमद ने बड़ा बयान दिया है. कर्नाटक सरकार में हाउसिंग मंत्री बीजेड जमीर अहमद ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा कि मैं देश के लिए कुर्बान होने के लिए तैयार हूं. उन्होंने कहा, “अगर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी मुझे परमिशन देंगे तो मैं पाकिस्तान में आत्मघाती हमलावर बनकर भी जाने के लिए तैयार हूं और मैं अपनी बात पर पूरी तरह से अटल हूं.”
कर्नाटक के मंत्री जमीर अहमद का ये बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब नियंत्रण रेखा (LOC) और पाकिस्तान से सटी सीमा के आसपास के इलाकों में पाकिस्तान की ओर से जारी हमलों का भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देने में जुटी है.
भाजपा के निशाने पर रहने के सवाल पर मंत्री जमीर अहमद ने कहा, “अब भारतीय जनता पार्टी में मुसलमानों के टारगेट करने के अलावा और क्या है. हम खुद को और कितना साबित करें.” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का और हमारा कोई संबंध ही नहीं है. हिंदुस्तान के मुसलमानों को भी वो लोग पाकिस्तान की नजर से देखते हैं, लेकिन हमारा पाकिस्तान से कोई संबंध नहीं है. हम पाकिस्तान से नफरत करते हैं.”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved