
इन्दौर। द्वारकापुरी क्षेत्र से दो दिन पूर्व लापता हुए एक वृद्ध की आज सुबह अहिरखेड़ी में संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस पहले तो हत्या की आशंका जताती रही, बाद में पता चला कि उसकी शराब पीने से मौत हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 9 बजे के करीब द्वारकापुरी पुलिस को सूचना मिली कि अहिरखेड़ी स्थित पावर हाउस के पास कीचड़ में कोई लाश पड़ी है। संभवत: उसकी हत्या हुई है। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने जांच-पड़ताल की तो उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं थे। इस बीच मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। द्वारकापुरी थाना प्रभारी धर्मराज नागर ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कमल जायसवाल (60) निवासी बालाजी मंदिर के पीछे 60 फीट रोड के रूप में हुई। उसके बेटे गोलू जायसवाल ने बताया कि पिता दो दिनों से घर से लापता थे। उन्हें आज सुबह लाश मिलने की जानकारी मिली। टीआई ने बताया कि कमल शराब पीने का आदी था। वह कुछ कामकाज नहीं करता था। संभवत: अत्यधिक शराब पीने से उसकी मौत हुई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved