
नयी दिल्ली । चालू खरीफ विपणन सत्र में अब तक एमएसपी (minimum support amount) पर धान खरीद (Paddy purchase) 20 प्रतिशत बढ़कर लगभग 330 लाख टन हो गई है। यह खरीद 62,278.61 करोड़ रुपये में हुई है। एक सरकारी बयान में कहा गया कि चालू खरीफ विपणन सत्र 2020-21 में, सरकार ने किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद जारी रखी है। खरीफ का विपणन सत्र अक्टूबर से शुरू होता है।
खरीफ 2020-21 के लिए धान की खरीद पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, उत्तराखंड, तमिलनाडु, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, केरल, गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में सुचारू रूप से जारी है।
भारतीय खाद्य निगम और राज्य सरकार की एजेंसियों ने पिछले साल की इसी अवधि में 275.98 लाख टन की खरीद के मुकाबले तीन दिसंबर तक 329.86 लाख टन धान खरीदा है। बयान में कहा गया है, ‘‘लगभग 31.78 लाख किसानों को पहले ही 62,278.61 करोड़ रुपये के एमएसपी मूल्य के भुगतान के साथ चालू खरीफ विपान सत्र के खरीद कार्यों के जरिये लाभान्वित किया जा चुका है।’’
इसमें कहा गया है कि 329.86 लाख टन की कुल खरीद में से, पंजाब ने अकेले 202.77 लाख टन का योगदान दिया है, जो कि कुल खरीद का 61.47 प्रतिशत हिस्सा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved