
शिवपुरी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शिवपुरी जिले (Shivpuri district) के कोलारस थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां भूसा लेने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली (Tractor-trolley.) से जा रहे परिवार पर आफत आ गिरी। कच्चे रास्ते पर ट्रॉली में लगा 10 फीट का पाइप हाईटेंशन लाइन की चपेट (High Tension Line Hit) में आ गया। इस हादसे में एक महिला और 7 साल के मासूम बच्चे की जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए हैं। झुलसे लोगों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के मुताबिक राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव में रहने वाला बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस में भूसा खरीदने आया था। ये लोग खेतों में डेरा डालते हैं और गांव-गांव घूमकर भूसा खरीदते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिये एक जगह इकट्ठा करते हैं। बाद में बड़ी मात्रा में भूसा बेचकर मुनाफा कमाते हैं।
भूसा लेने निकले थे तभी मौत आ गई
बताया जा रहा है कि आज सुबह टोल टैक्स के पास बने बंजारा डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा खरीदने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते से होते हुए डोडयाई गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप हाईटेंशन लाइन से टकरा गए, जिससे करंट फैल गया।
ट्रैक्टर में लगी 10 फीट लंबी लोहे की छड़ बनी मौत की वजह
ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा पिता रंजीत बंजारा ,लीला बाई बंजारा पति विनोद बंजारा ,केसर बाई पिता मेंबर बंजारा और 7 साल का अनिल पिता मेंबर बंजारा सवार थे। करंट से लीला बाई की साड़ी में आग लग गई। इसकी चपेट में मासूम अनिल भी आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों ने मौके पर पहुंचकर लीला बाई की सुलगती लाश को वहीं छोड़ दिया। बाकी तीनों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 7 साल के अनिल को भी मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का इलाज जारी है। ट्रॉली में ज्यादा भूसा भरने के लिए करीब 10-10 फीट के लोहे के पाइप लगाए गए थे। वहीं घटना स्थल पर हाईटेंशन लाइन के तार नीचे की ओर झूल रहे थे। पेड़ों की वजह से तार दिखाई नहीं दे रहे थे, इसी दौरान पाइप लाइन से टकरा गया और करंट फैल गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved