
शिवपुरी। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के शिवपुरी जिले (Shivpuri district) के खनियांधाना तहसील के ग्राम हिम्मतपुर में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और कड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने पहुंचे प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में 4 जेसीबी मशीनों की मदद से लगभग 125 बीघा क्षेत्र में खड़ी हरी-भरी फसल को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। जैसे ही जेसीबी मशीनों ने लहलहाती फसल को उखाड़ना शुरू किया, ग्रामीण और किसान अधिकारियों के पैरों में गिर पड़े।
ग्रामीणों ने रोते-बिलखते हुए अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर फसल कटने तक का समय मांगा लेकिन प्रशासन ने उन्हें वक्त नहीं दिया। ‘कानून की सख्ती’ के आगे किसानों की पुकार अनसुनी कर दी गई और देखते ही देखते करोड़ों की भूमि पर मेहनत से उगाई गई फसल मिट्टी में मिल गई।
कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। मौके पर तहसील प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नगर परिषद का अमला और खनियांधाना थाना प्रभारी अपने पूरे पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। राजस्व विभाग की ओर से आर.आई., पटवारी और कोटवारों की टीम ने सीमांकन कर अपनी देखरेख में बेदखली की इस प्रक्रिया को पूरा कराया। यह भूमि लंबे समय से अवैध कब्जे में थी। शासन के निर्देशों पर मुस्तैदी दिखाते हुए प्रशासन ने इस बेशकीमती सरकारी जमीन को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा लिया है। जहाँ एक ओर प्रशासन इसे अपनी बड़ी सफलता मान रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved