
भोपाल । मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के अनूपपुर जिले (Anuppur district) में भयावह सड़क हादसा हो गया। बताया जाता है कि बेनीला गांव के पास सोमवार सुबह एक एसयूवी (स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल) ने पहले मोटरसाइकिल में टक्कर मारी फिर सड़क छोड़ते हुए एक घर में जा घुसी। इस हादसे (Accidents) में कुल 5 लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक ने बताया कि यह दुर्घटना सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे हुई। सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इससे मोटरसाइकिल पर सवार चालक और उसके दो साथियों की मौके पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद स्कार्पियो चालक ने गाड़ी समेत भागने की कोशिश की। इस चक्कर में स्कार्पियो सड़क छोड़कर बेकाबू हो गई।
तेज स्पीड होने के कारण स्कार्पियो एक मकान की दीवार से जा टकराई और अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे स्कार्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में स्कार्पियो में सवार दो लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि इस तरह से हादसे में कुल 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार होकर 7 लोग कोतमा से बेलिया की ओर जा रह थे।
अधिकारी ने बताया मृतकों की पहचान सौरभ प्रधान (18), पुष्पेन्द्र, शुभम चौधरी (19), अमित चौधरी और राहुल केवट (19) के रूप में हुई है। बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों को कोतमा शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक ने भागने की कोशिश की इसी चक्कर में एसयूवी सड़क से उतरकर पास के घर में जा घुसी।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved