
मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला जिले में स्थित कान्हा टाइगर रिजर्व में केनाइन डिस्टेम्पर वायरस (CDV) का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. इस घातक वायरस की चपेट में आने से एक और बाघ की मौत हो गई है. मुक्की क्वॉरेंटाइन सेंटर में उपचार के दौरान बाघ ने दम तोड़ दिया. इसके साथ ही पिछले करीब दो महीनों में CDV संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले बाघों की संख्या बढ़कर सात हो गई है.
वन विभाग के अनुसार, 4 जून 2026 को कान्हा टाइगर रिजर्व के किसली परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 777 स्थित संदूक खोल क्षेत्र में एक बाघ बेहद कमजोर और बीमार हालत में मिला था. हाथी गश्ती दल की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बाघ को रेस्क्यू कर मुक्की स्थित क्वॉरेंटाइन सेंटर में भर्ती कराया गया.
शुरुआती जांच में बाघ में केनाइन डिस्टेम्पर वायरस के लक्षण पाए गए थे. इसके बाद वन विभाग ने विशेषज्ञों की निगरानी में उसका इलाज शुरू कराया. बाघ के उपचार में कान्हा टाइगर रिजर्व की टीम के साथ नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा एवं विज्ञान विश्वविद्यालय और वाइल्ड लाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट (WCT) के विशेषज्ञ भी शामिल थे. लगातार इलाज और स्वास्थ्य निगरानी के बावजूद बाघ की हालत में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार को उसकी मौत हो गई.
कान्हा टाइगर रिजर्व में CDV संक्रमण का पहला बड़ा असर सरही परिक्षेत्र में देखने को मिला था. अमाही क्षेत्र में बाघिन टी-141 के चार शावकों में से एक का शव 21 अप्रैल को मिला था. इसके बाद 24 और 25 अप्रैल को दो अन्य शावकों की भी मौत हो गई. लगातार हो रही मौतों के बाद वन विभाग ने बाघिन और उसके बचे हुए एकमात्र शावक को रेस्क्यू कर मुक्की क्वॉरेंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved