
जबलपुर। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के सीधी जिले जमोड़ी थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता सीधी शहर के एक निजी स्कूल में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि चार अलग-अलग युवकों ने मिलकर उसके साथ कई बार जबरदस्ती शारीरिक शोषण किया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने पहले किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया और उसका विश्वास जीता। इसके बाद उसने कई बार पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने अपने 3 अन्य दोस्तों को बुलाया और सबने बारी-बारी से बलात्कार किया। यह जघन्य वारदात लंबे समय तक चलती रही, लेकिन डर और शर्म के कारण पीड़िता चुप रही। बात स्कूल प्रशासन के संज्ञान में आई तो उन्होंने तुरंत परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने बुधवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से भादवि की धारा 376, 376(2)(n), 376(3), 506 तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हमने तुरंत FIR दर्ज कर ली। सभी चारों आरोपियों की तलाश जारी है। टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। सभी आरोपी स्थानीय क्षेत्र के ही निवासी और पीड़िता से उनकी जान-पहचान स्कूल आने-जाने के दौरान हुई थी। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उसका बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved