
भोपाल मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में निजी अस्पताल संचालकों ने आयुष्मान भारत योजना का बकाया भुगतान न मिहने से नाराज होकर मोर्चा खोल दिया है। निजी अस्पतालों ने सड़कों पर एम्बुलेंस रैली निकाली और उग्र प्रदर्शन किया। एम्बुलेंसों के साथ-साथ अस्पतालों के बाहर भी आयुष्मान योजना बंद के पोस्टर चिपका दिए गए हैं। अस्पताल संचालकों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे इस योजना का पूरी तरह बहिष्कार कर देंगे।
दरअसल मध्य प्रदेश के निजी अस्पताल संचालकों का लंबे समय से आयुष्मान योजना के तहत किए गए इलाज का भुगतान अटका हुआ है। अस्पताल संचालकों का आरोप है कि राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा कई क्लेम बिना वजह रिजेक्ट किए जा रहे हैं या फिर स्वीकृत क्लेम की राशि में भारी कटौती की जा रही है। इसके अलावा NABH की अनिवार्यता, प्री-ऑथराइजेशन के बाद क्लेम सेटलमेंट की जटिल प्रक्रिया, टीएटी, ऑथेंटिकेशन और अन्य तकनीकी खामियों को लेकर भी अस्पताल संचालकों में भारी असंतोष है।
अस्पताल संचालकों ने सरकार और प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 8 अक्टूबर तक उनकी समस्याओं का कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आयुष्मान भारत योजना का अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू कर देंगे। यही नहीं, अपनी आवाज केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर के अस्पताल संचालक करीब 1,000 एम्बुलेंसों के काफिले के साथ दिल्ली कूच करेंगे और प्रधानमंत्री कार्यालय तक अपनी मांगें पहुंचाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved