
सागर। सागर जिले (Sagar Sistrict) की रहली तहसील के सूर्य मंदिर (Sun Temple) में नागयुग्म (Nagayumna) की एक मनोहारी प्रतिमा स्थापित है। बुंदेलखंड अंचल में नाग वल्लरी और नाग युग्म की प्राचीन प्रतिमाएं कई स्थानों पर मिलती हैं, जो विभिन्न कालों के शासकों जैसे गुप्त, शुंग, हर्षवर्धन, नाग हूण, प्रतिहार, परमार, कल्चुरी, और चंदेल के समय की हैं।
रहली से निकली सुनार नदी के तट पर स्थित सूर्य मंदिर में सूर्य भगवान की नौवीं सदी की पाषाण प्रतिमा का मंदिर है। इस मंदिर की पिछली दीवार पर जड़ी नागयुग्म प्रतिमा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण और आस्था का केंद्र है। नागपंचमी पर इसका विशेष पूजन होता है। मंदिर की बाहरी दीवारों पर चारों ओर विभिन्न देवी-देवताओं की नौवीं और दसवीं सदी की प्रतिमाएं भी हैं।
मानवमुखी नागयुग्म प्रतिमा में कमर के नीचे का भाग सर्प आकार का है और ऊपर का भाग मानव का है। नाग-नागिन के मस्तिष्क के ऊपर तीन-तीन सर्प फनों का मुकुट और छत्र है। वे कुंडल, केयूर, कंकण और कटिसूत्र पहने हुए हैं, और इनके मुख मंडल पर सौम्यता का भाव दिखता है। यह नागयुग्म मूर्तिकला का अद्भुत उदाहरण है और इसका धार्मिक महत्व भी बहुत अधिक है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved