
मंदसौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मंदसौर जिले (Mandsaur district) के सुवासरा थाना क्षेत्र के बसई इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ 10 गायें मृत अवस्था में मिलीं। प्रारंभिक आशंका है कि गायों की मौत दूषित भोजन या चारा खाने से हुई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही पशुपालन विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। मृत गायों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं, 7 से 8 अन्य गायों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर ही उनका उपचार शुरू कर दिया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी की लापरवाही या दूषित चारा खिलाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है। पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही गायों की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved