
इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की आर्थिक राजधानी इंदौर (indore) में कोरोना का संक्रमण (corona infection) एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। यहां बीते 24 घंटे में 9 नए पॉजिटिव मिले हैं, जबकि दो बुजुर्गों की मौत (death of two elders) भी हुई है। दरअसल, विदेश से लौटे नागरिकों ने जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। नये मरीजों में दो-दो मरीज तंजानिया और यूएसए, 1-1 मरीज घाना और यूएई से लौटे हैं। इससे पहले नाइजीरिया (अफ्रीकन कंट्री) से लौटे 8-14 साल के भाई-बहन, यूएसए से लौटी स्टूडेंट, ब्रिटेन और यूएई से लौटे लोग भी संक्रमित मिल चुके हैं। हालांकि, नाइजीरिया से लौटे दोनों बच्चे ठीक होने पर हॉस्पिटल से डिस्चार्ज हो चुके हैं।
इंदौर में कोरोना से बीते 24 घंटे में दो दो बुजुर्गों की अलग-अलग अस्पतालों में मौत हो गई। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। मामले में स्वास्थ्य विभाग ने अभी कोरोना से मौत होने की पुष्टि नहीं की है, लेकिन दोनों का इसी को लेकर निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
पहला मामला शैल्बी अस्पताल का है। यहां दस दिन पहले ओमेक्स सिटी के शुभम नगर में रहने वाले 69 वर्षीय बुजुर्ग और उनकी पत्नी को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद भर्ती किया था। पांच दिन बाद महिला के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी थी, जबकि बुजुर्ग का यहीं उपचार चल रहा था। सोमवार रात तीन बजे बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वह डायबिटीज के भी मरीज थे।
वहीं, दूसरा मामला बाम्बे अस्पताल का है। सोमवार को ही यहां भी 75 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। उन्हें भी कोरोना के चलते यहां भर्ती कराया गया था। वह पहले से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। फिलहाल दोनों कुछ दिन पहले ही पॉजिटिव पाए गए थे।
प्रदेश में दिसंबर में मिले 347 संक्रमित, सबसे ज्यादा भोपाल में
मध्यप्रदेश में दिसंबर महीने में कुल 347 संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा पॉजिटिव भोपाल में 137 मिले हैं। दूसरे नंबर पर इंदौर है। यहां 131 संक्रमित मिल चुके हैं। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved