
पन्ना। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पन्ना जिले से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पहाड़ीखेड़ा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में आगामी 25 नवंबर को जिसकी बारात सजनी थी, उस घर में अब मातम पसर गया है। लुहारहाई के वर्तमान सरपंच लच्छू गोंड के 20 वर्षीय बेटे सुनील गोंड और उनके 25 वर्षीय साथी पुन्नू की एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।
रामलीला देखकर लौट रहे थे घर
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पहाड़ीखेड़ा में आयोजित रामलीला देखकर अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस लौट रहे थे। जब वे इलाके में इंद्रमणि गर्ग के मकान के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक बाइक समेत हवा में उछलकर सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद चालक मौके से डंपर लेकर फरार हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पन्ना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मृतकों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं, जो उनकी मौत का कारण बनीं। मंगलवार सुबह पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक सुनील गोंड के घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। विवाह के लिए कार्ड तक बांटे जा चुके थे और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक झटके में इस डंपर हादसे ने सारी खुशियों को चीत्कार और आंसुओं में बदल दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved