देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्रः जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कार्य करना पुण्य का कामः मंगुभाई पटेल

डिंडोरी। राज्यपाल मंगूभाई पटेल (Governor Mangubhai Patel) मंगलवार को दो दिवस के डिंडौरी जिले के प्रवास पर पहुंचे। वे यहां अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत् शहपुरा क्षेत्र के जनजातीय कल्याण केन्द्र बरगवां की रजत जयंती समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय कल्याण केन्द्र द्वारा आदिवासी, गरीब एवं पिछड़े समाज के उत्थान के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है, यह कार्य पुण्य का है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार भी जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता से सुनिश्चित कर रही है। जनजातीय समाज को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हम सभी के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। सरकार अब जनजातीय समाज के लिए भी समावेशी विकास, सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास एवं सबका प्रयास, की मंशा के साथ काम कर रही है। राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समाज की समस्याओं को समझते हुए उनका निराकरण आवश्यक है। जनजातीय कल्याण केन्द्र बरगांव यह कार्य पूरी निष्ठा के साथ कर रहा है।

जनजातीय समाज की विशेषताओं को संरक्षित रखना महत्वपूर्ण
राज्यपाल पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति को संरक्षित रखते हुए उनकी विशेषताओं को बनाए रखना सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। जनजातीय समाज अमिट मूल्यों से परिपूर्ण एवं सादगी पसंद समाज है। जनजातीय समाज की कलाकृतियों में समय की गहराई का गुण विद्यमान होता है। इसी प्रकार इनकी कलाकृतियाँ समय से परे होती है। उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों में काष्ठशिल्प, हस्तशिल्प, चित्रकारिता, संगीत एवं नृत्य की अनूठी शैलियों एवं गुणों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय कलाकारों को आगे लाने के लिए विशेष प्रयास करने होंगे।

पौधो रोपें, उन्हें संरक्षित करें
राज्यपाल ने जनजातीय कल्याण केन्द्र बरगवां द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय कल्याण केन्द्र प्रकृति की गोद में स्थित है और प्रकृति के लिए विशेष रूप से कार्य कर रहा है। हम सभी को पौधे अवश्य लगाना चाहिए। साथ ही इन पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए धरती माता को बचाने के लिए अपना योगदान देना चाहिए। पटेल ने कोविड संकट के दौरान पूरी दुनिया में ऑक्सीजन की कमी का जिक्र करते हुए इस परिस्थिति से सभी को सीख लेने की बात भी कही।

बेटियों को पढ़ाएं, उन्हें आत्मनिर्भर बनाएं
राज्यपाल पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज में महिलाओं की स्थिति को मजबूत करने उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता जरूरी है। सभी अपनी बेटियों को पढ़ाएं, आगे बढ़ाएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाएं। उन्होंने केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बेटियों की प्रगति एवं महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं का जिक्र किया एवं कहा कि इन योजनाओं के लाभ से जनजातीय समाज की बेटियों एवं महिलाओं का सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।

गरीबों एवं पिछड़े समाज के प्रति संवेदनशीलता रखें
राज्यपाल ने कहा कि भारत की कुल जनसंख्या का लगभग 21 प्रतिशत हिस्सा जनजातीय समाज का है। गरीब एवं पिछड़े जनजातीय समाज की प्रगति के लिए हम सभी में संवेदनशीलता होना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित आदिवासी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी आव्हान किया कि वे अपने स्तर पर अपने समाज को पढ़ाने एवं आगे बढ़ाने में योगदान दें तथा हरसंभव मदद करें।

गतिविधियों पर आधारित लघु फिल्म का हुआ विमोचन
राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव की रजत जयंती के अवसर पर केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जनसंपर्क संचनालय मध्यप्रदेश के फिल्म निर्माण प्रभाग में फिल्म निर्माता के रूप में पैनलबद्ध सुधीर कसार द्वारा जनजातीय कल्याण केन्द्र के कार्यों पर आधारित निर्मित डॉक्युमेंट्री फिल्म ’कौशल विकास के नये आयाम’ का विमोचन एवं प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में राज्यपाल पटेल ने जनजातीय कल्याण केन्द्र बरगवां के परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों के साथ प्रशासनिक परिसर का अवलोकन किया। पटेल ने केन्द्र में गौ-पूजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, बिरसा मुंडा एवं रानी दुर्गावती के छायाचित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

पटेल ने कार्यक्रम के दौरान जनजातीय केन्द्र की गतिविधियों का परिचय आधारित ’वर्तिका पुस्तिका’ का विमोचन किया। केन्द्र के सदस्यों द्वारा रजत जयंती के अवसर पर महामहिम को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल ने जनजातीय कल्याण केन्द्र के भोजनालय का शुभारंभ किया एवं विद्यार्थियों के साथ सहभोज में शामिल हुए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

मप्रः राज्यपाल ने राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान में देखे साढ़े छह करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्म

Wed Oct 6 , 2021
डिंडोरी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल (Governor Mangubhai Patel) अपने दो दिवसीय डिंडोरी प्रवास के निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को घुघवा स्थित राष्ट्रीय जीवाश्म उद्यान पहुंचे। उन्होंने यहां लगभग साढ़े छह करोड़ वर्ष पुराने जीवाश्मों का अवलोकन किया। उन्होंने जीवाश्म पार्क में स्थित वनस्पति एवं अन्य प्रकार के जीवाश्म के संबंध में वन विभाग के गाइड […]