
मुंबई। मुंबई पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ी कारवाई की है। पुलिस ने अंधेरी के वर्सोवा इलाके से 25 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग बिना किसी वैध दस्तावेज के पिछले कई साल से यहां रह रहे थे। पुलिस को इनके पास से बड़ी संख्या में जाली भारतीय पहचान पत्र भी मिले हैं। इस कारवाई को वर्सोवा पुलिस की एंटी-टेरर सेल ने अंजाम दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए लोगों में 21 ट्रांसजेंडर, 2 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। ये सभी मुंबई के अंधेरी पश्चिम में स्थित यारी रोड इलाके में रह रहे थे। पुलिस को काफी समय से इस इलाके में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के रहने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह कारवाई की गई।
वर्सोवा पुलिस को एक मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली थी कि ये सभी लोग देर रात यारी रोड पर एक दरगाह के पास इकट्ठा होने वाले हैं। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस की एंटी-टेरर सेल टीम ने योजना बनाकर इलाके में छापा मारा और सभी 25 लोगों को हिरासत में ले लिया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि ये सभी आरोपी बांग्लादेश से अवैध तरीके से भारत में घुसे थे। वे सबसे पहले कोलकाता पहुंचे और फिर वहां से दिल्ली और गुजरात होते हुए मुंबई आए। मुंबई पहुंचने के बाद इन लोगों ने जाली तरीके से आधार कार्ड और दूसरे भारतीय दस्तावेज भी बनवा लिए थे।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन लोगों के जाली दस्तावेज बनवाने में किसने मदद की। पुलिस उस पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है जो अवैध अप्रवासियों को भारत में बसाने और उनके फर्जी कागज तैयार करने में शामिल है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन सभी को वापस बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, शहर में अवैध रूप से रह रहे अन्य विदेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved