
नई दिल्ली। भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल नहीं होने को लेकर उन पर तीखा हमला बोला और कहा कि उनकी मानसिकता ‘दिमागी नक्सल’ इकोसिस्टम जैसी है। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर समेत सभी प्रमुख केंद्रीय मंत्री मौजूद थे। इसके अलावा भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल तथा प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी.के. मिश्रा और शक्तिकांत दास भी समारोह में उपस्थित रहे।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी के समारोह में शामिल नहीं होने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा एक पोस्ट में कहा, ‘राहुल गांधी लाल किले पर मौजूद रहने से चूक गए। क्या कोई देशभक्त नेता प्रतिपक्ष या सार्वजनिक पद पर आसीन व्यक्ति जानबूझकर ऐसा कर सकता है?’ उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का समारोह से दूर रहना वंदे मातरम के प्रति उनकी नफरत को दर्शाता है। भंडारी ने आरोप लगाया, ‘राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष के पद के योग्य नहीं हैं। राहुल गांधी की मानसिकता ‘नक्सल’ इकोसिस्टम जैसी है!’
यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लाल किले पर आयोजित आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा नहीं लिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved