
जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय में उस समय अधिकारियों-कर्मचारियों में हलचल मच गई, जब महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नूÓ ने विभिन्न विभागों का अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर का प्रत्येक नागरिक नगर निगम के लिए देवतुल्य है, इसलिए उसके काम में लापरवाही, अनावश्यक देरी या उसे बार-बार कार्यालय के चक्कर लगवाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर ने मुख्यालय स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), अपर आयुक्त कार्यालय, अधीक्षण यंत्री कार्यालय, राजस्व शाखा, जल विभाग सहित अन्य प्रमुख कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में रखी फाइलों, दस्तावेजों, जनसुनवाई से जुड़े आवेदनों और नागरिकों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार और संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या सुनी जाए। नागरिकों के आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण हो और उन्हें उनके प्रकरण की स्थिति की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें एक ही काम के लिए बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
फाइलें व्यवस्थित रखें, सफाई और नागरिक सुविधाएं भी हों बेहतर
महापौर ने सभी शाखा प्रमुखों को कार्यालयों में फाइलों और दस्तावेजों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में बेहतर साफ-सफाई के साथ-साथ नागरिकों के बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और तत्परता के साथ निर्वहन करें। नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की उदासीनता सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved