
भोपाल। भोपाल की नई शहर सरकार का फैसला आज हो जाएगा। सुबह 9 बजे से पुरानी जेल में काउंटिंग शुरू हो गई है। भाजपा की महापौर प्रत्याशी मालती राय काउंटिंग स्थल पर पहुंच गई। महापौर और पार्षदों के काउंटिंग एजेंट्स की मतगणना स्थल पर एंट्री से पहले चेकिंग की जा रही है। गुटखा, बीड़ी, तंबाकू, माचिस और मोबाइल ले जाने की मनाही है। मालती राय ने दावा किया कि निगम चुनाव में उन्हें जीत हासिल होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू की गई है। इधर, स्ट्रांग रूम से ईवीएम को टेबिल पर लगाना भी शुरू कर दिया गया है। पोस्टल बैलेट की काउंटिंग पूरी होते ही ईवीएम से मतों की गणना होगी।
भोपाल में अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल में सुबह नौ बजे से नगर निगम के 85 वार्डों के 2160 पोलिंग बूथों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मतपत्र गिने गए। सुबह 9.30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू हई। सभी वार्डों की एक साथ गिनती हो रही है। महापौर उम्मीदवारों के वोट भी साथ में ही गिने जा रहे हैं। महापौर के रुझान मिलने की शुरुआत दोपहर से हो जाएगी। रात नौ बजे तक पूरे रिजल्ट जारी हो जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश लवानिया ने बताया कि आठ महापौर प्रत्याशी और 398 पार्षद पद के उम्मीदवार चुनाव मैदान हैं। सबसे पहला चुनाव परिणाम हुजूर विधानसभा के वार्ड तीन का आएगा, क्योंकि यहां पर पोलिंग बूथों की संख्या सबसे कम 12 है। कुल 148 टेबलों पर गिनती होगी।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
नगरीय निकाय चुनाव में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। भाजपा में स्थानीय नेताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती तक ने अपने समर्थकों को टिकट दिलाए हैं। कांग्रेस में कमलनाथ व दिग्विजय सिंह के समर्थकों को टिकट मिले हैं। कांग्रेस ने अपने 28 पार्षदों में से सिर्फ 4 को टिकट दिया है। भाजपा ने भी अपने 57 पार्षदों में से सिर्फ 5 को टिकट दिया है। अगली परिषद में ज्यादातर नए चेहरे नजर आएंगे।
रात नौ बजे तक आ जाएंगे सभी नतीजे
हुजूर के 12 वार्डों के नतीजे गिनती शुरू होने के तीन से चार घंटे के भीतर आ जाएंगे। इसमें वार्ड एक से छह तक और 80 से लेकर 85 तक कोलार के छह वार्ड शामिल हैं। फिर उत्तर व मध्य विधानसभा के नतीजे आना शुरू होंगे। गोविंदपुरा की गिनती सबसे आखिर तक चलेगी, क्योंकि यहां पर सबसे ज्यादा 425 पोलिंग बूथ हैं व 18 वार्ड हैं। यहां के नतीजे रात आठ बजे तक आ जाएंगे। नरेला विधानसभा के नतीजे भी इसी के आसपास आएंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved