नई दिल्ली। देश में बढ़ते साइबर फ्रॉड (Cyber fraud) के बीच सरकार ने एक नए ऑनलाइन स्कैम (New online scams) को लेकर लोगों को सतर्क किया है। यह ठगी e-PAN कार्ड डाउनलोड के नाम पर की जा रही है, जिसमें लोगों को फर्जी ईमेल भेजकर उनकी निजी और वित्तीय जानकारी चुराने की कोशिश की जा रही है।
सरकार की फैक्ट-चेकिंग इकाई PIB Fact Check ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे ईमेल पूरी तरह फर्जी हैं। इनमें दिए गए लिंक पर क्लिक करने से यूजर्स की PAN, Aadhaar या बैंक से जुड़ी संवेदनशील जानकारी चोरी हो सकती है।
ऐसे किया जाता है स्कैम
इस तरह के स्कैम में साइबर अपराधी लोगों को सरकारी ईमेल जैसा दिखने वाला संदेश भेजते हैं। ईमेल में लिखा होता है कि उनका e-PAN कार्ड तैयार हो गया है और उसे डाउनलोड करने के लिए लिंक पर क्लिक करना होगा।
जैसे ही यूजर लिंक खोलता है, वह एक नकली वेबसाइट पर पहुंच जाता है जो असली सरकारी पोर्टल जैसी दिखाई देती है। यहां उससे PAN नंबर, Aadhaar नंबर, OTP या बैंक डिटेल भरने को कहा जाता है। जानकारी दर्ज करते ही ठग यूजर का डेटा चुरा लेते हैं।
सरकार की सलाह
PIB Fact Check ने कहा है कि PAN से जुड़ी सेवाएं केवल आधिकारिक पोर्टल के जरिए ही दी जाती हैं। किसी भी अनजान ईमेल या लिंक के जरिए व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
ईमेल अगर किसी अज्ञात या संदिग्ध आईडी से आया हो।
संदेश में तुरंत लिंक पर क्लिक करने का दबाव बनाया जाए।
PAN, Aadhaar, OTP या बैंक डिटेल मांगी जाए।
लिंक सरकारी वेबसाइट जैसा दिखे लेकिन असली न हो।
सुरक्षित रहने के तरीके
साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए किसी भी संदिग्ध ईमेल के लिंक पर क्लिक न करें। PAN या बैंक से जुड़ी जानकारी कभी ईमेल या मैसेज के जरिए साझा न करें। केवल आधिकारिक वेबसाइटों से ही सेवाएं लें और फर्जी ईमेल मिलने पर इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर करें।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर किसी को ऐसा संदिग्ध ईमेल मिले तो उसे तुरंत डिलीट करना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved