
इंदौर। शहर (Indore) में पिछले कुछ समय से छोटे-मोटे विवाद में अलग-अलग तरह की सुपारी (Betel) देने की बात सामने आ रही है। कहीं गाड़ी जलाने की सुपारी दी जा रही है तो कहीं जहरीला इंजेक्शन (Poisonous Injection) लगाने की। ऐसे चार मामले सामने आ चुके हंै।
कल लसूडिय़ा पुलिस ने विजयनगर निवासी कपिल चौहान की कार में आग लगाने के मामले में एक महिला मनीषा अग्रवाल और अजय चौहान को गिरफ्तार किया। महिला ने अपने बेटे की सगाई टूटने को लेकर अजय को 15 हजार रुपए में कार में आग लगाने की सुपारी दी थी। पहले आरोपी ने फरियादी की बाइक चुराई और फिर इसी बाइक से जाकर कार में आग लगाई थी। इसके पहले सराफा में एक युवती को अज्ञात आरोपी इंजेक्शन लगाकर भाग गया था। इस मामले में पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को पकड़ा तो पता चला कि युवती के पुराने प्रेमी ने उसे जहरीला इंजेक्शन लगाने की 30 हजार में सुपारी दी थी। एक और मामला चंदननगर में भी सामने आया था, जहां रिक्शा में बैठे एक व्यक्ति को प्रापर्टी विवाद में इंजेक्शन लगाया गया था। इसमें भी 20 हजार की सुपारी दी गई थी। एक और मामला कुछ समय पहले परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में सामने आया था, जहां एक घर के बाहर देसी बम फेंका गया था। बाद में पता चला कि रंजिश के चलते जबलपुर के कुछ लोगों को सुपारी देकर बम फिंकवाया गया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। यह एक नया ट्रेंड शहर में देखने में आ रहा है कि अब छोटे-मोटे विवाद में छोटी-मोटी सुपारी दी जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved