
जबलपुर। नगर निगम के नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ से सौजन्य भेंट की। इस दौरान शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और नगर निगम की प्रगतिरत योजनाओं को लेकर चर्चा हुई। दोनों ने आपसी समन्वय के साथ शहर के विकास कार्यों को गति देने और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। इस दौरान महापौर ने निगमायुक्त को जबलपुर की भौगोलिक परिस्थितियों, नागरिकों की अपेक्षाओं और नगर निगम द्वारा संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। साथ ही शहर में चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की प्रस्तावित योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
चर्चा के दौरान शहर की सड़कों की स्थिति में सुधार, सुचारु जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से सामने आए। इन सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया, ताकि नागरिकों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
स्वच्छता और विकास होंगे प्राथमिकता
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने नवागत निगमायुक्त का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके प्रशासनिक अनुभव से शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वहीं, निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने और स्वच्छता सहित विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved