
इंदौर। शहर में रात से सुबह के बीच तापमान में आज बढ़त दर्ज की गई। हालांकि इससे ठंड में कोई कमी महसूस नहीं हुई और रात से सुबह तक तीखी ठंड का दौर जारी रहा। इसके साथ ही शीतलहर भी बरकरार रही। वहीं कल दिन के तापमान में भी गिरावट आई, लेकिन दिन में तेज धूप के कारण ठंड बेअसर रही, जबकि शाम होते ही सर्द हवाओं ने शहर को चपेट में ले लिया।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 27 डिग्री रहा, जो सामान्य, लेकिन परसों की अपेक्षा 0.9 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 1.5 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा पूर्वी और उत्तर-पूर्वी रही और अधिकतम रफ्तार 13 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार आज से रात के तापमान में थोड़ी और बढ़त आने की उम्मीद है। अनुमान है कि माह के अंत तक रात से सुबह के बीच पारा 7 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है।
दिन में एसी, रात में हीटर
शहर में ठंड के बदले पैटर्न के कारण कुछ ही घंटों के अंतर में दो अलग मौसम नजर आ रहे हैं। सुबह 8-9 बजे तक ठंड का एहसास है। इसके बाद ठंड में लगातार कमी आ रही है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जिससे अब भी लोग एसी और पंखे चला रहे हैं, वहीं शाम ढलते ही ठंड बढऩे के साथ ही लोग हीटर और अलाव का सहारा लेते नजर आ रहे हैं।
पहले से पांचवें स्थान पर पहुंचा इंदौर
उमरिया 4.3
पचमढ़ी 5.2
राजगढ़ 5.4
रीवा 5.5
इंदौर 5.6
भोपाल 6.2
उज्जैन 8.5
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved