
नई दिल्ली. नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को एक बार फिर निर्विरोध रूप से जेडीयू (JDU) का राष्ट्रीय अध्यक्ष (National President) चुन लिया गया है. नामांकन के लिए सुबह 11 बजे तक का समय तय किया गया था, लेकिन इस दौरान नीतीश कुमार के अलावा किसी और नेता ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया.
किसी दूसरे उम्मीदवार के सामने न आने के कारण उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी की कमान सौंप दी गई है. जेडीयू की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया कि पार्टी के अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख आज, मंगलवार 24 मार्च, 2026 को सुबह 11 बजे थी.
बयान में कहा गया कि नामांकन वापस लेने का समय खत्म होने के बाद, निर्वाचन अधिकारी के पास सिर्फ नीतीश कुमार का नामांकन ही बाकी रहा. पार्टी ने ये भी बताया कि आज दोपहर 2:30 बजे निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े (पूर्व सांसद, राज्यसभा) नीतीश कुमार के निर्वाचित होने का निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी करेंगे.
इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री भारत सरकार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री बिहार सरकार, श्रवण कुमार और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे.
गौरतलब है कि नीतीश कुमार की ओर से जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने भी संजय कुमार झा, श्रवण कुमार के साथ बिहार और अन्य प्रदेशों से आए पार्टी के वरिष्ठ नेता गए थे.
बता दें कि नीतीश कुमार ने जेडीयू की एनडीए में वापसी से ठीक पहले पार्टी की कमान संभाली थी. 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिसंबर, 2023 में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जेडीयू के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. तब पार्टी बिहार में महागठबंधन का अंग थी और नीतीश कुमार इंडिया ब्लॉक के गठन की कवायद में जुटे थे.
ललन सिंह के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने यह जिम्मेदारी भी संभाली और कुछ ही दिनों के बाद जेडीयू ने आरजेडी और महागठबंधन से नाता तोड़कर बीजेपी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दामन थाम लिया था.
नीतीश कुमार ने पिछले दिनों ही बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और राज्यसभा चुनाव जीता था. अब वो जेडीयू के अध्यक्ष पद की कमान भी संभालेंगे. वहीं, नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने राजनीति में एंट्री ले ली. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि निशांत बिहार के डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved