
नई दिल्ली। कोलकाता हाईकोर्ट (Calcutta High Court) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उस अनुरोध को खारिज कर दिया, जिसमें पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा फ्रीज किए गए अपने तीन बैंक खातों (Bank Accounts) को अस्थायी रूप से संचालित करने की अनुमति मांगी थी। अदालत के इस फैसले को पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
ईडी ने TMC के तीन बैंक खातों को फ्रीज किया है, जिनमें कुल 440.42 करोड़ रुपये जमा बताए गए हैं। एजेंसी ने यह कार्रवाई राज्य पुलिस की एफआईआर के आधार पर शुरू की गई जांच के तहत की थी। मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं, अवैध तरीके से धन जुटाने और बैंक खातों के माध्यम से संदिग्ध लेनदेन की जांच की जा रही है। मामले की सुनवाई के बाद न्यायमूर्ति कृष्णा राव ने 13 जुलाई को आदेश सुरक्षित रख लिया था। सोमवार को अदालत ने अंतरिम राहत देने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया कि फिलहाल खाते फ्रीज ही रहेंगे।
ईडी की जांच में क्या सामने आया?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी की शुरुआती जांच में दावा किया गया है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच TMC के बैंक खातों से लगभग 160 करोड़ रुपये केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी एक अन्य कंपनी को ट्रांसफर किए गए। जांच एजेंसी का आरोप है कि संबंधित कंपनी ने 2023 से 2026 के बीच 82.96 करोड़ रुपये एक अन्य नई कंपनी को भेजे। अधिकारियों के अनुसार, इस कंपनी के माध्यम से बड़ी रकम का लेनदेन हुआ।
ईडी का यह भी दावा है कि जांच के दौरान सामने आया कि लगभग 112 करोड़ रुपये का इस्तेमाल एम्ब्रेयर लेगेसी 600 बिजनेस जेट और अगस्तावेस्टलैंड 109SP हेलीकॉप्टर की खरीद में किया गया। एजेंसी इन लेनदेन की वैधता और धन के स्रोत की जांच कर रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अदालत में आगे की सुनवाई के दौरान ईडी तथा संबंधित पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved