मनोरंजन

विवाद: वीर दास ही नहीं इन सितारों की बातों पर भी मच चुका है बवाल, केस दर्ज होने से ट्रोलिंग के हुए शिकार

डेस्क। बॉलीवुड अभिनेता और स्टैंडअप कॉमेडियन वीर दास इन दिनों अपनी कविता को लेकर जबरदस्त आलोचना का शिकार हो रहे हैं। दरअसल वीर दास ने कहा था कि, ‘मैं एक ऐसे भारत से आता हूं, जहां दिन में औरतों की पूजा होती है और रात में उनके साथ दुष्कर्म होता है। हालांकि, अपने इस बयान पर विवाद बढ़ता देख उन्होंने बाद में बयान जारी कर माफी भी मांगी। हालांकि उनकी बातों पर विवाद काफी बढ़ गया है और उन्हें देश विरोधी बताया जा रहा है।

विवादित बयान देकर मुसीबत मोल चुके हैं ये सितारे
सोशल मीडिया पर भी वीर दास को देशद्रोही बताकर ट्रोल किया जा रहा है और उनके खिलाफ कई जगह एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है। हालांकि वीर दास से पहले भी कई सेलेब्स अपने विवादित बयान के चलते सनसनी मचा चुके हैं। तो चलिए आपको बताते हैं उन सितारों के बारे में जो ट्रोलिंग का शिकार हो गए और कुछ पर तो केस भी दर्ज हो गए।

जावेद अख्तर : 76 वर्षीय गीतकार ने एक साक्षात्कार में तालिबान और हिंदू अतिवादियों के कथित तौर पर एक समान होने का दावा किया था। जावेद अख्तर ने आरएसएस का नाम लिए बिना ही कहा था, ‘तालिबान एक इस्लामी देश चाहता है और ये लोग हिन्दू राष्ट्र बनाना चाहते हैं।’ इसे लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया था और उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया था।

कमाल आर खान : खुद को फिल्म समीक्षक बताने वाले कमाल आर खान एक के बाद एक विवादित बयान देते हैं और मुश्किल में फंस जाते हैं। साल 2020 में कमाल पर दिवंगत अभिनेताओं ऋषि कपूर और इरफान खान को लेकर खराब बातें बोलने के चलते एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके अलावा सलमान खान द्वारा उन पर मानहानि का केस भी दर्ज हो चुका है।

फराह खान, रवीना टंडन और भारती सिंह : साल 2019 में फराह खान, रवीना टंडन और भारती सिंह पर एक धार्मिक भाषा का मजाक उड़ाने पर केस दर्ज किया गया था।उन पर आरोप था कि उन्होंने एक विशेष शब्द का मजाक उड़ाते हुए लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।


कंगना रणौत : कंगना और विवाद का चोली दामन का साथ है। कंगना हाल ही में भीख में मिली आजादी वाले कमेंट को लेकर विवाद का सामना कर रही हैं। कंगना ने कहा  कि 1947 में मिली आजादी भीख थी और असली आजादी साल 2014 के बाद मिली है। इसके अलावा ट्विटर पर भी एक ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा था कि पीएम मोदी को साल 2002 वाला अपना विराट रूप दिखाना चाहिए जिसके कारण उनका ट्विटर हमेशा के लिए बैन कर दिया गया।

सलमान खान : सलमान खान विवादों के लिए नया नाम नहीं हैं। वह भी अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में आ जाते हैं। फिल्म सुल्तान की शूटिंग के दौरान अपने शरीर के दर्द की बात करते हुए उन्होंने कह दिया था कि रिंग से बाहर निकलते हुए उन्हें ऐसा दर्द होता है जैसा किसी महिला के साथ बलात्कार कर दिया हो। इसे लेकर सलमान खान जबरदस्त ट्रोलिंग का शिकार हो गए थे और बाद में उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी।

Share:

Next Post

Nick Jonas को 13 साल की उम्र से हैं Diabetes, प्रियंका चोपड़ा ने पति के खुलासे पर दी ये प्रतिक्रिया

Thu Nov 18 , 2021
डेस्क। बॉलीवुड के बाद हॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनानी वाली अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के पति व अमेरिकन सिंगर निक जोनस ने नेशनल डायबिटीज मंथ के मौके पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें निक ने खुलासा किया है कि वह छोटी उम्र में ही टाइप वन के डायबिटीज का शिकार हो गए थे और […]