
इंदौर। शहर में मौसम में रोज उतार-चढ़ाव बना हुआ है। परसों जहां दिन के तापमान में गिरावट आई थी और रात का तापमान बढ़ा था, वहीं कल इसके ठीक उलट दिन का तापमान बढ़ा और रात का कम हुआ। हालांकि अब भी रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है, इससे ठंड का असर कम हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक परसो से एक बार फिर ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट आएगी और ठंड की चुभन बढ़ेगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री रहा, जो सामान्य था, लेकिन यह परसो की अपेक्षा करीब 2 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसो रात की अपेक्षा 0.7 डिग्री कम था। दक्षिण-पूर्वी हवाओं की अधिकतम रफ्तार 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची।
हालांकि आज सुबह से हवाएं शांत बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार कश्मीर सहित उत्तर भारत से एक पश्चिमी विक्षोभ के टकराने से आज से उत्तर भारत सहित इससे लगे राज्यों में बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। बर्फबारी के साथ ही तापमान में खासी गिरावट आएगी। इसका असर 26 से इंदौर में भी नजर आने लगेगा, जिससे दिन और रात के तापमान में एक बार फिर खासी गिरावट देखने को मिलेगी। यह माहौल माह के अंत तक बना रहने की संभावना है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved