खेल

NZ vs Ind, women’s cricket: मिताली के अर्धशतक के बावजूद पहले वनडे में हारा भारत

क्वीन्सटाउन। न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम (New Zealand women’s cricket team) ने क्वीन्सटाउन में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में ने भारत (India) को 62 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। टॉस हारकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने सूजी बेट्स के शानदार शतक (106) की मदद से सभी 10 विकेट खोकर 275 रन बनाए। जवाब में भारत कप्तान मिताली राज के अर्धशतक (59) के बावजूद 213 पर ही सिमट गया।

बेट्स ने मेडी ग्रीन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। नंबर चार पर बल्लेबाजी करने आई एमी सैटरथवेट ने बेट्स का अच्छा साथ निभाया और अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरे छोर से बेट्स ने शतक जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारत से राजेश्वरी गायकवाड़ (2/28) सबसे सफल रही। जवाब में भारत से मिताली और यास्तिका (41) के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका और टीम हार गई।


पारी की शुरुआत करने आई बेट्स ने अपने वनडे करियर का 11वां शतक 107 गेंदों में पूरा किया। उन्होंने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बटोरे। यह उनका भारत के खिलाफ वनडे में दूसरा शतक है। बेट्स ने सैटरथवेट के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 98 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। उम्दा लय में नजर आ रही बेट्स ने 111 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 106 रन बनाए।

बाएं हाथ की बल्लेबाज सैटरथवेट ने बेट्स का अच्छा साथ निभाया और अपने वनडे करियर का 25वां अर्धशतक पूरा किया। वह इस आंकड़े तक पहुंचने वाली सिर्फ दूसरी महिला कीवी बल्लेबाज बनी हैं। सैटरथवेट ने 67 गेंदों में चार चौकों की मदद से 63 रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में चार चौके भी लगाए।

भारतीय कप्तान मिताली ने वनडे क्रिकेट में अपनी निरंतरता बरकरार रखते हुए अपना 60वां अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के दौरान मिताली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने 1,000 रन भी पूरे किए हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए मिताली ने छह चौकों की मदद से 73 गेंदों में 59 रनों की पारी खेली। उन्होंने यास्तिका भाटिया के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की साझेदारी की। दूसरी तरफ भाटिया ने 63 गेंदों में 41 रन बनाए।

मिताली आज अपनी 200वीं पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी। वह सबसे पहले इस आंकड़े तक पहुंचने वाली महिला बल्लेबाज बनी है। उनके बाद इस सूची में इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स हैं, जिन्होंने 180 पारी में बल्लेबाजी की है। न्यूजीलैंड चौथा ऐसा देश बना है, जिसके खिलाफ मिताली ने 1,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले वह इंग्लैंड, श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये कारनामा कर चुकी हैं।

Share:

Next Post

खुशहाली और समृद्धि की कहानी कह रहे है मध्यप्रदेश के खेत-खलिहान

Sun Feb 13 , 2022
– मनोज खरे किसानों की मेहनत और मध्यप्रदेश सरकार की सुचिंतित कोशिशों का ही सुफल है कि कृषि के क्षेत्र में प्रदेश नये कीर्तिमान कायम कर रहा है। मध्यप्रदेश को कृषि उत्पादन और योजना संचालन में बेहतर प्रदर्शन के लिए 7 बार कृषि कर्मण पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया है। प्रदेश तिलहन, दलहन, सोयाबीन, उड़द […]