
इंदौर। कल नगर निगम की रिमूवल टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अंतिम चौराहे से बड़ा गणपति तक फुटपाथ घेरने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान शुरू किया। इस दौरान फुटपाथों के शेड और अतिक्रमण हटाए जाने के साथ कब्जा करने वालों के 21 चालान बनाकर 50 हजार रुपए वसूले गए। एक ट्रक सामग्री भी जब्त की गई।
नगर निगम द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर हर रोज अलग-अलग प्रमुख सडक़ों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सडक़ों पर कब्जा करने वालों से लेकर पक्की दुकानों का सामान बाहर फुटपाथ तक पटकने के मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है। कल शाम एसडीएम नीरज खरे और झोनल अधिकारी पल्लवी पाल के नेतृत्व में रिमूवल अधिकारी विनीत तिवारी ने पूरे क्षेत्र में मुहिम चलाई।
इस दौरान सडक़ों के आसपास किए गए कब्जे जेसीबी की मदद से हटाए गए, साथ ही कई दुकानों का बाहर तक फैलाया गया सामान जब्त कर लिया गया। निगम टीम ने 21 दुकानदारों के चालान बनाकर 50 हजार रुपए की राशि वसूली। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक सामग्री जब्त कर निगम के गोदामों में भेज दी गई। कई जगह सामान जब्ती को लेकर लोगों से निगम टीम का विवाद भी हुआ।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved