
इंदौर। मानपुर क्षेत्र के ग्राम कुआली में डेढ़ साल पूर्व सडक़ पार कर रही एक युवती को कुचलकर भागे दो इंदौरी शराब तस्करों को मानपुर पुलिस ने लंबे समय बाद कल उनके ठिकानोंं पर दबिश देकर पकड़ा और उनके खिलाफ गैरइरातन हत्या का प्रकरण दर्ज किया। घटना 30 जनवरी 2021 की है। ग्राम कुआली मानपुर निवासी पूजा पति गोकुल चौधरी सडक़ पार कर रही थी, उस दौरान तेज रफ्तार से कार लेकर आ रहे शराब तस्कर राजेन्द्र कुशवाह निवासी स्वर्णबाग कॉलोनी इंदौर ने उसको टक्कर मारकर कुचल दिया था।
उसका साथी सन्नी शिंदे एरोड्रम भी था। दोनों मौके पर कार छोडक़र भाग खड़े हुए थे। पुलिस ने मौके से कार जब्त कर 25 पेटी अवैध शराब भी जब्त की थी। दरअसल इन शराब तस्करों का शराब ठेकेदार के लोग पीछा कर रहे थे। इसी हड़बडा़हट में सडक़ पार कर रही युवती को कुचल दिया था और तभी से फरार थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने काफी बवाल मचाया था और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की थी। अब तक एक साल में करीब 15 मौतें हो चुकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved