
सिलेंडरों का टोटा, कई बंगाली कारीगर चले गए, रविवार की छुट्टी के दिन भी २४ हजार से अधिक घरेलू सिलेंडर करवाए उपलब्ध
इंदौर। इंडक्शन (Induction) यानी इलेक्ट्रिक चुल्हे (Electric Stoves ) इंदौर (Indore) सहित देशभर में बीते हफ्तेभर से जबरदस्त डिमांड (Demand) में हैं। इंदौर सहित प्रदेश में ही 50 हजार से ज्यादा ये इलेक्ट्रिक चुल्हे बिक चुके हैं और इनकी कीमतें भी दो गुनी या उससे अधिक तक वसूली जा रही है। यहां तक कि ऑनलाइन भी ये चुल्हे आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। सिलेंडरों के चल रहे टोटे के कारण वैकल्पिक साधनों की मांग बढ़ी है, तो दूसरी तरफ होटल रेस्टोरेंट, केटरिंग सहित अन्य व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं, क्योंकि व्यवसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति पर सरकार ने रोक लगा दी है। सिर्फ स्कूल, कॉलेज, हॉस्पिटल और ऐसी आवश्यक सेवाओं के लिए ही ये सिलेंडर दिए जा रहे हैं। इंदौर का सराफा कारोबार भी सिलेंडरों की कमी के चलते प्रभावित हुआ और बड़ी संख्या में बंगाली कारीगर भी यहां से चले गए, क्योंकि आभूषणों सहित अन्य उत्पादन सोने-चांदी के घट गए हैं। बीते दिनों कीमतों में आए एकाएक उछाल के चलते भी कारोबार में कमी आई और अब सराफा कारोबारी भी सिलेंडरों की कमी की मार झेल रहे हैंं।
घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाय हालांकि निरंतर जारी है। सर्वर ठप रहने के चलते ऑफलाइन बुकिंग भी प्रशासन ने अभी गैस एजेंसियों के माध्यम से शुरू करवाई। यहां तक कि कल रविवार की छुट्टी के दिन भी सभी एजेंसियों और गोदामों को खुला रखवाया और 24 हजार से अधिक सिलेंडर बंटवाए हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कल रविवार को उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी करवाई गई। वहीं ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने भी इस व्यवस्था को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की सेल्स ऑफिसर सुश्री अदिति वैष्णव, भारत पेट्रोलियम के श्री आर.के. सिंह, इंडियन ऑयल कंपनी की श्रीमती श्वेता मिश्रा, श्रीमती अंजली पांडे तथा श्री भारत भूषण ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए इंदौर जिले की 106 गैस एजेंसियों को प्लांट से पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए। इसके कारण उपभोक्ताओं को रिफिल प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। सभी गैस एजेंसी संचालकों ने कलेक्टर के निर्देशानुसार अपने कार्यालय प्रात: 9 बजे से खोलकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं, उनकी बुकिंग दर्ज की और पूरी क्षमता के साथ वाहनों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की। जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भी प्रात: 9 बजे से फील्ड में रहकर गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया और एजेंसियों तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का तत्काल निराकरण करते हुए होम डिलीवरी व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कराने में सहयोग दिया। रविवार को अवकाश के दिन भी इंदौर जिले में लगभग 24 हजार 450 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की गई, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। जिला प्रशासन ने बताया है कि आगामी दिनों में भी उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार तीन दिवस के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। जिले की सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और प्लांट से भी प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति प्राप्त हो रही है।
पीएनजी बढ़ी डिमांड… धड़ाधड़ हो रहे हैं नए कनेक्शन
व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को पीएनजी की आपूर्ति करवाई जा रही है। पाइप्ड नेचुरल गैस के कनेक्शन भी धड़ाधड़ दिए जा रहे हैं। छप्पन दुकान में शत-प्रतिशत दुकानों को ये कनेक्शन दिए गए, तो होस्टल, होटल, रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, जिनके आसपास गैस पाइप लाइन उपलब्ध है, उन्हें ये कनेक्शन अवंतिका गैस की ये टीम दे रही है। इसके पीआरओ सुमित सिंह के मुताबिक पीएनजी सप्लाय में कोई समस्या नहीं है और अभी व्यवसायिक के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ताओं को भी ये पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
जमाखोरों पर कार्रवाई जारी… अब तक 1357 सिलेंडर जब्त
अपर मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण श्रीमती रश्मि अरुण शमी के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध कराने की एजेंसियों के माध्यम से सुचारू व्यवस्था की गई है और इसके साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरों के खिलाफ भी सभी कलेक्टरों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बीते 4-5 दिनों में ही इंदौर सहित प्रदेश के 1025 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 1357 सिलेंडर जब्त किए और 8 मामलों में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई। ऑइल कम्पनियों से समन्वय के लिए 6 सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved