पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़े तनाव का नतीजा, इंदौर सहित प्रदेश के हजारों पर्यटकों की बुकिंग भी निरस्त
इंदौर। पहलगाम (Pahalgam) में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान (India-Pakistan) के बीच बढ़े तनाव के बाद पाकिस्तान ने भारतीय एयरलाइंस (Indian Airlines) के लिए अपना एयर स्पेस (Air Space) बंद कर दिया है। इसके कारण अब भारतीय एयरलाइंस पाकिस्तान से होकर मध्य एशिया सहित आगे के देशों तक नहीं जा पा रही हैं। इसे देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने 1 नवंबर तक के लिए चार देशों की उड़ानों को निरस्त कर दिया है। इनमें जार्जिया, अजरबैजान, कजाकिस्तान और उज्बेकिस्तान शामिल हंै। इसके कारण इंदौर सहित प्रदेश के हजारों पर्यटकों के टूर अटक गए हैं।
उल्लेखनीय है कि पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था, जिसमें 28 लोगों की मौत हो गई थी और कई घायल हैं। इस घटना के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। भारत ने सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा निरस्त करते हुए उन्हें पाकिस्तान लौटने के आदेश दिए हैं। जवाब में पाकिस्तान ने डर और बौखलाहट में सभी भारतीय एयरलाइंस के लिए अपना एयर स्पेस बंद कर दिया है। इसके कारण भारतीय एयरलाइंस के विमान पाकिस्तान या पाकिस्तान के ऊपर से होकर दूसरे देशों तक नहीं जा सकते हैं। भारत से पाकिस्तान होकर विमान यूके, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, मिडिल एशिया, रशिया और मिडिल ईस्ट तक जाते हैं। इस प्रतिबंध के बाद कई देशों तक जाने वाले विमानों का रास्ता बदला गया है, वहीं मिडिल एशिया के चार देशों की उड़ानों को इंडिगो ने 1 नवंबर तक के लिए निरस्त कर दिया है।
गर्मी की छुट्टियों में पर्यटकों ने करवाई है बंपर बुकिंग
ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव अमोल कटारिया बताया कि इस समय देश में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। लोग बड़ी संख्या में इंटरनेशनल टूर पर जाते हैं। इसके लिए पहले से बुकिंग करवाते हैं। इंडिगो ने जिन चार देशों के लिए उड़ानों को निरस्त किया है, उनमें कजाकिस्तान में अलमाटी, उज्बेकिस्तान में ताशकंद, अजरबैजान में बाकू और जार्जिया में त्बिलिसी की उड़ानें शामिल हैं। ये यात्रियों के लिए काफी पसंदीदा डेस्टिनेशंस हैं। ऐसे में उड़ानें निरस्त होने से पर्यटक परेशान हैं। हालांकि कंपनी ने सभी यात्रियों को पूरा रिफंड देने की घोषणा भी कर दी है, लेकिन टूर की बाकी बुकिंग निरस्त करने पर पर्यटकों को घाटा उठाना पड़ेगा।
दूसरे देशों की एयरलाइंस है विकल्प, लेकिन किराया बढ़ा
कटारिया ने बताया कि पाकिस्तान द्वारा सिर्फ भारतीय एयरलाइंस की उड़ानों के अपने एयर स्पेस में आने पर प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन दूसरे देशों की एयरलाइंस पर ऐसा कोई प्रतिबंध नहीं है। इसके चलते दूसरे देशों की अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस भारत से पाकिस्तान पर से होते हुए अन्य देश जा रही हैं। यात्रियों के पास इन उड़ानों से भी जाने का विकल्प है, लेकिन इंडिगो सहित एयर इंडिया द्वारा भी कई उड़ानों को निरस्त किए जाने के बाद दूसरे देशों की एयरलाइंस में सीटों का अभाव पैदा होने लगा है और जो सीटें बची हैं उनकी कीमत सामान्य से दो से तीन गुना तक ज्यादा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved