
महिदपुर। नगर में विगत 13 माह से तपस्वी आचार्य नवरत्नसागर सूरिश्वर जी के आशीष एवं आदर्शरत्नसागर जी, अक्षत रत्नसागर जी एवं साध्वीवर्या मुक्तिदर्शना श्रीजी की पावन प्रेरणा से 91 आराधकों द्वारा वर्षीतप की दीर्घ तपस्या की जा रही है। ज्ञातव्य हो कि वर्षीतप की 13 माह की तपस्या की पूर्णाहुति एवं पारणा अक्षय तृतीया के दिन होता है। इस हेतु नगर में भव्य वर्षीतप पारणा महोत्सव 18 से 23 अप्रैल तक आयोजित किया जाना है। उक्त पारणा महोत्सव से जन जन एवं प्रत्येक समाजजन को जोडऩे हेतु सिद्धचक्र नवयुवक मंडल एवं शासन समर्पित सेवक ग्रुप द्वारा तपागच्छ श्रीसंघ एवंं नव आदर्श वर्षीतप समिति के तत्वावधान में साइकिल एवं टू व्हीलर पर विशाल आव्हान रैली आयोजित की गई जिसमें सायकल पर श्वेत वस्त्रों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चे आकर्षण का केंद्र थे।
साथ ही उत्साही नवयुवक एवं बालिकाएं भी सायकल एवं टू व्हीलर पर रैली में शामिल थे। नगर के प्रमुख मार्गों पर भ्रमण करते हुए तथा ढोल की थाप के साथ नारे लगाते हुए समापन जैन धर्मशाला तिलकपथ पर हुआ। इस आव्हान रैली के साथ ही पारणा महोत्सव से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। इसी श्रृंखला में सिद्धचक्र नवयुवक मंडल एवं शासन समर्पित सेवक ग्रुप द्वारा विविध भव्यातिभव्य आयोजन आने वाले दिनों में किए जाएँगे जिसमें भाग लेने का निवेदन सभी समाजजनों से मंडल करता है। उक्त जानकारी मंडल अध्यक्ष सचिन बागरेचा एवं वर्षीतप समिति के स्वप्निल सुमन ने दी। आभार तपागच्छ मूर्तिपूजक श्रीसंघ के सचिव ललित गार्डी द्वारा किया गया।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved