
डेस्क: अक्सर हम रात के समय जब किसी बुजुर्ग को काम करते देखते हैं, तो हमें लगता है कि शायद कोई मजबूरी या पैसों की तंगी उन्हें चैन की नींद सोने नहीं दे रही. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रही 60 साल के एक ऑटो ड्राइवर की कहानी ने इंटरनेट की पब्लिक को सोचने पर मजबूर कर दिया है. कई नेटिजन्स भावुक भी हो गए हैं.
कंटेंट क्रिएटर निखिल ने @wanderlungez हैंडल से इंस्टाग्राम पर हाल ही में एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह आधी रात को ऑटो चला रहे एक 60 वर्षीय बुजुर्ग से बात करते नजर आते हैं. जब निखिल ने उनसे पूछा कि क्या वे थकते नहीं हैं, इस पर बुजुर्ग ने जो जवाब दिया, उसे सुनकर लाखों नेटिजन्स की आंखें नम हो गईं. बुजुर्ग ऑटो चालक ने कहा, इंसान काम से नहीं, तनहाई से थक जाता है बेटा.
बुजुर्ग शख्स ने आगे बताया कि उनकी बेटियां अब अलग-अलग शहरों में अपने पतियों के साथ बस चुकी हैं, और उनकी पत्नी अब इस दुनिया में नहीं रहीं. उन्होंने अपनी शादी के 30 सालों को याद करते हुए भावुक होकर कहा, वो रोज मेरा इंतजार करती थी. मैं जब देर से पहुंचता, तो वो खूब शिकायत करती थी, लेकिन फिर बड़े प्यार से गरमा-गरम खाना खिलाती थी. अब घर खाली है. काटने को दौड़ता है. वहां कोई इंतजार करने वाला नहीं बचा.
जब निखिल ने बुजुर्ग चालक से पूछा कि और कितनी देर ऑटो चलाएंगे, इस पर उन्होंने बड़ी सादगी और दर्द के साथ जवाब दिया, जब तक शरीर न थक जाए, तब तक चलाऊंगा. बुजुर्ग ने कहा, ऑटो चलाना सिर्फ कमाई का जरिया नहीं, बल्कि उस खामोश घर से बचने का एक रास्ता है.
बेहद भावुक कर देने वाले इस वीडियो को अब तक डेढ़ करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है, और नेटिजन्स जमकर इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. एक ने लिखा, चचा की बातों ने रुला दिया. दूसरे ने कहा, अपनों का साथ दुनिया की सबसे बड़ी दौलत है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved